पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी और शूटर श्रेयसी सिंह बीजेपी में शामिल
नई दिल्ली। अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित शूटर श्रेयसी सिंह ने अपने पिता की राह पर चलते हुए राजनीति में आने का फैसला लिया है। श्रेयसी सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में शूटर श्रेयसी सिंह पार्टी नेता भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं। बता दें कि श्रेयसी सिंह के पिता दिग्विजय सिंह केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। श्रेयसी सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। श्रेयसी के पिता और दादा दोनों ही नेशनल राइफल असोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रह चुके हैं। श्रेयसी सिंह की मां पुतुल कुमारी भी सांसद रह चुकी हैं। श्रेयसी ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से अपनी पढ़ाई की है।

बता दें कि श्रेयसी सिंह 2013 में मैक्सिको में आयोजित ट्रैप शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थीं। यहां उन्हें 15वां स्थान प्राप्त हुआ था। 2010 में दिल्ली में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में श्रेयसी ने सिंगल्स और डबल्स दोनों इवेंट में हिस्सा लिया था। सिंगल्स में वह 6ठे स्थान पर थीं, जबकि डबल्स में वह 5वें पायदान पर रही थीं। 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में वह 6ठे स्थान पर थीं। इसी वर्ष उन्होंने एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। बिहार में 2017 में आयोजित नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था।












Click it and Unblock the Notifications