शीना बोरा की ही थी जंगल में मिली लाश, फोरेंसिक रिपोर्ट में हुआ साबित
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। मां, मर्डर और मिस्ट्री को लेकर चर्चा में रही शीना बोरा मर्डर केस में एम्स की फोरेंसिक रिपोर्ट में कंफर्म कर दिया गया है कि रायगढ़ के जंगल में मिले लाश के अवशेष शीना बोरा के ही थे। यह रिपोर्ट एम्स ने सीबीआई को सौंप दी है। आपको बताते चलें कि इसी साल अगस्त माह में शीना के मर्डर का मामला प्रकाश में आया था। इस हत्याकांड में शीना की मां और मीडिया जगत की हाईफ्रोफाइल हस्ती इंद्राणी मुखर्जी को अरेस्ट किया गया था जो अबतक जेल में हैं।
जानकारी के मुताबिक फारेंसिक एक्सपर्ट ने सबसे पहले हड्डी का डीएनए किया। उसके बाद दूसरे चरण में खोपड़ी के अवशेषों का टेस्ट किया। तीसरे चरण में मौका ए वारदात पर मौजूद सबूतों की जांच और परीक्षण किया गया जिसमें सभी नमूने शीना से मेल खा रहे थे।
इतना ही नहीं शीना बोरा के शरीर से लिया गया डीएनए का नमूना भी इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी के साथ मेल खाता है। फारेंसिक एक्सपर्टस ने इस पूरे मामले में अब विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है जिसमें हर तरह के परीक्षण का जिक्र है। इस रिपोर्ट को अब सीबीआई के हवाले कर दिया गया है। यह रिपोर्ट अब केस को और मजबूती देगा। शीना ने अपनी डायरी में इंद्राणी के लिए लिखा था 'तुम मां नहीं डायन हो'
शीना मर्डर केस में कब क्या हुआ
- शीना बोरा मर्डर केस में उसकी मां इंद्राणी को अगस्त में अरेस्ट किया गया था।
- इंद्राणी स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी है।
- इंद्राणी पर शीना के मर्डर का आरोप है। शीना उसकी बेटी थी, लेकिन वह उसे बहन बताती थी।
- इस मामले में इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर को भी अरेस्ट किया गया है।
- शीना के मर्डर का राज तब सामने आया, जब इंद्राणी के ड्राइवर श्यामवीर को मुंबई पुलिस ने किसी दूसरे केस में अरेस्ट किया, लेकिन पूछताछ में उसने शीना बोरा मामले का भी खुलासा कर दिया।
- पुलिस जांच में अभी तक कहा गया है कि 24 अप्रैल, 2012 को इंद्राणी ने बेटी शीना को फोन करके नेशनल कॉलेज बुलाया। शीना उस समय पीटर मुखर्जी (इंद्राणी के मौजूदा पति) के बेटे राहुल मुखर्जी के साथ लिव-इन में थी।
- मां का फोन आने के बाद शीना को छोड़ने के लिए राहुल ही गया। राहुल उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद इंद्राणी ने शीना को कार में बैठने के लिए कहा। उस वक्त कार में उसके साथ ड्राइवर और पूर्व पति संजीव खन्ना भी था।
- जब शीना ने कार में बैठने से मना किया तो इन लोगों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाया।
- आरोप है कि कार में ही हुई कहासुनी के बाद तीनों ने गला दबाकर उसे मार डाला।
- इसके बाद शीना की लाश को कार में रखकर इंद्राणी घर आ गई।
- जिस कार में शव रखा था, वह रात भर पीटर के गैराज में रही। अगली सुबह 25 अप्रैल को हत्या के तीनों आरोपी फिर जुटे। शव को लेकर रायगढ़ के जंगलों में पेण के पास गए। पहले शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया और उसके बाद उसे वहीं दफना दिया गया।













Click it and Unblock the Notifications