शत्रुघ्न सिन्हा ने मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में बुलंद किया AAP का नारा, दिलीप पांडेय के समर्थन में उतरे
नई दिल्ली। बीजेपी के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आजकल आम आदमी पार्टी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने एक कार्यक्रम में दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के काम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को इनसे सीखना चाहिए कि शिक्षा का स्तर कैसे बढ़ाया जाए। वहीं, शत्रुघ्न सिन्हा ने आप नेता दिलीप पांडेय की जमकर तारीफ भी की जो मनोज तिवारी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: लंदन में बोले राहुल गांधी-अगला चुनाव BJP-RSS बनाम विपक्ष होगा

'देशहित में सच बोलने से कोई रोक नहीं सकता'
दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व उत्तरी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी नेता दिलीप पांडेय चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। जबकि शत्रुघ्न सिन्हा आप नेता की तारीफों के पुल बांधने में जुटे हैं। सिन्हा ने कहा कि वह भाजपा में हैं, लेकिन पार्टी से बड़ा देश है और देशहित में सच बोलने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि वो अपनी मर्यादा समझते हैं।

दिलीप पांडेय का साथ देने की अपील की
दिल्ली के नंद नगरी में सफाई कर्मियों के स्किल डेवलमेंट प्रोग्राम की लांचिंग के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा मनीष सिसोदिया और दिलीप पांडेय के साथ पहुंचे थे। इसके पहले भी कई मौकों पर बीजेपी सांसद आप के कार्यक्रम के दौरान मंच पर दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा, 'मैं दिलीप पांडेय का बहुत सम्मान करता हूं। ये बहुत अच्छे इंसान हैं। आप लोग इन्हें अपना आशीर्वाद दीजिए, इनकी मजबूती अरविंद केजरीवाल के हाथों को मजबूत करेगी।'

मनोज तिवारी के खिलाफ मैदान में उतरने की तैयारी में दिलीप पांडेय
उन्होंने कहा, 'आजकल मैं तथाकथित किसी दूसरी पार्टी में हूं। मुझे बागी कहा जाता है, लोग मुझे नाराज नेता कहते हैं। लेकिन मैं अपनी लक्ष्मण रेखा को जानता हूं। मैं जब तक पार्टी से जुड़ा हूं, उसके प्रति ईमानदार बना रहूंगा।' बता दें कि आप ने दिलीप पांडेय को इस संसदीय क्षेत्र का लोकसभा प्रभारी बनाया है और वो मनोज तिवारी के खिलाफ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इस संसदीय क्षेत्र में यूपी और बिहार की बड़ी आबादी बसती है जोकि चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाती है।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक में सिद्धारमैया का बड़ा बयान, मैं फिर से बनूंगा मुख्यमंत्री












Click it and Unblock the Notifications