एक तीर से कई निशाने! जंतर-मंतर पर CJP का समर्थन, अगले दिन PM मोदी से मुलाकात, क्या है शरद पवार का असली गेम?
Sharad Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के प्रमुख शरद पवार एक बार फिर अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा में हैं। मंगलवार को उन्होंने जंतर-मंतर पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके से मुलाकात की और NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को समर्थन दिया। इसके अगले ही दिन पवार अपनी बेटी और पार्टी की प्रमुख नेता सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले।
लगातार दो दिनों में हुई इन दोनों मुलाकातों ने सियासी हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा ये है कि पवार आखिर किस खेमे के करीब हैं? हालांकि, जानकार मानते हैं कि इन मुलाकातों के पीछे सिर्फ छात्र आंदोलन नहीं, बल्कि परिसीमन बिल को लेकर उनकी रणनीति भी हो सकती है।

दोनों पक्षों से संपर्क में पवार?
शरद पवार की पार्टी ने अभी तक परिसीमन बिल पर अपना रुख साफ नहीं किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह विपक्ष और सत्ता पक्ष, दोनों से संपर्क बनाए रखकर आगे की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। जंतर-मंतर पर पहुंचकर उन्होंने NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के प्रति समर्थन जताया। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी। जून में खबरें आई थीं कि एनसीपी (एसपी) कांग्रेस के साथ विलय पर विचार कर सकती है। वहीं, जुलाई में शरद पवार के एनडीए के करीब जाने की अटकलें भी सामने आईं।
ये भी पढ़ें: Naimisha Pradhan: धर्मेंद्र प्रधान की बेटी ने क्यों छोड़ा इंस्टाग्राम? CJP प्रोटेस्टर्स नैमिषा से ये डिमांड
माना जा रहा है कि पवार अपने राजनीतिक करियर के इस दौर में पार्टी और अपने नेताओं का भविष्य सुरक्षित रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। फिलहाल उनके पास लोकसभा में 8 सांसद और महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक हैं।
पहले भी दिखा चुके हैं सियासी कौशल
शरद पवार पहले भी दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाकर राजनीति कर चुके हैं। 2019 में उन्होंने उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के साथ विपक्षी गठबंधन बनाने की कोशिश की थी। उसी समय उनके भतीजे अजित पवार बीजेपी के संपर्क में थे। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, लेकिन यह सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल सकी।
सुप्रिया सुले ने कही थी ये बात
परिसीमन बिल पर पार्टी का अंतिम रुख अभी साफ नहीं है। पवार को लेकर कहा जाता है कि वह आखिरी समय तक अपने पत्ते नहीं खोलते। कुछ दिन पहले सुप्रिया सुले ने कहा था कि शरद पवार मानते हैं कि अगर किसी नेता की चर्चा हो रही है, चाहे अच्छी हो या बुरी, तो इसका मतलब है कि उसकी राजनीतिक हैसियत अभी भी मजबूत है। सुले ने कहा था कि सरकार अगर कुछ शर्तों के साथ परिसीमन बिल दोबारा लाए तो समर्थन देने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने एनडीए के साथ जुड़ने के अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया था।
ये भी पढ़ें: कौन हैं मनोज जरांगे? जिनके एक इशारे पर सड़कों पर उतर आता है जनसैलाब, CJP के साथ दिल्ली में डालेंगे डेरा!


Click it and Unblock the Notifications
