'पहले पार्टी में अपनी हैसियत पता करें': कांग्रेस नेता पर क्यों भड़के शरद पवार
महाराष्ट्र की राजनीति में अब कर्नाटक चुनाव को लेकर बयानबाजी शुरू है। एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण को लेकर कहा है कि उन्हें अपनी पार्टी में अपनी हैसियत पता कर लेनी चाहिए।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस के एक बड़े नेता की उनकी पार्टी में हैसियत पर सवाल उठा दिया है। दरअसल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों को टिकट देने के लिए एनसीपी पर निशाना साधा था। इसी पर पवार ने उनपर जोरदार पलटवार किया है।
चव्हाण ने एनसीपी को बीजेपी का 'बी' टीम कहा था!
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एनसीपी सुप्रीमो मंगलवार को महाराष्ट्र के सतारा में थे। वहीं मीडिया ने चव्हाण के उस कथित बयान के बारे में पूछ लिया, जिसमें उन्होंने कर्नाटक में एनसीपी को बीजेपी की 'बी' टीम बता दिया था। कर्नाटक चुनाव में एनसीपी की ओर से उम्मीदवार उतारने को लेकर चव्हाण ने यह टिप्पणी की थी।
उन्हें अपनी पार्टी में अपनी हैसियत पता करनी चाहिए-पवार
चव्हाण की उस कथित टिप्पणी के जवाब में पवार ने कहा, 'उन्हें अपनी पार्टी में अपनी हैसियत पता करनी चाहिए......कि वह ए, बी, सी या डी में से क्या हैं। अकेले में उनकी पार्टी का कोई भी सहयोगी आपको बता देगा।' पवार ने कर्नाटक चुनाव में एनसीपी उम्मीदवारों को टिकट देने के बारे में कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अपना आधार बढ़ाना चाहती है।
'हम शून्य से शुरुआत करना चाहते थे'
एनसीपी अध्यक्ष बोले कि 'हमने कर्नाटक में कांग्रेस या किसी अन्य सहोयगियों के साथ कोई चर्चा नहीं की, क्योंकि हम शून्य से शुरुआत करना चाहते थे।' उन्होंने कहा कि 'जब किसी दूसरे दल के साथ कोई गठबंधन होता है तो उसे ताकत देना जरूरी हो जाता है। '
'बहुत ही सीमित सीटों पर लड़ रही है पार्टी'
उन्होंने कहा, 'लेकिन, क्योंकि हम तो शून्य से शुरुआत कर रहे थे, हमारे लिए यह आश्वासन देना संभव नहीं था कि यदि हम उनके साथ गए तो हम उन्हें ताकत दे पाएंगे।' उनका कहना है कि उनकी पार्टी कर्नाटक चुनाव में बहुत ही सीमित सीटों पर लड़ रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि इससे कांग्रेस की संभावनाओं पर विपरीत असर न पड़े।
महा विकास अघाड़ी में बढ़ गई है बयानबाजी
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में विपक्षी महा विकास अघाड़ी खेमे में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले पवार ने अपनी आत्मकथा में शिवसेना (यूटीबी) सुप्रीमो उद्धव ठाकरे की राजनीतिक दक्षता पर सवाल उठा दिया था तो उनकी पार्टी ने अपने मुखपत्र सामना के जरिए पवार पर पार्टी की अगली पीढ़ी का नेता नहीं तैयार करने का तंज कस दिया।
Recommended Video
चव्हाण पहले भी पवार पर दे चुके हैं बयान
अब पवार ने कांग्रेस के एक बड़े नेता के खिलाफ तीखा तंज कस दिया है। इससे पहले चव्हाण शरद पवार के उस दावे से इनकार कर चुके हैं कि 2019 में महा विकास अघाड़ी के गठन को लेकर शुरू में कांग्रेस आलाकमान ने अड़ियल रुख अपना रखा था।
महाराष्ट्र में अगले साल लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा के भी चुनाव होने हैं। उससे पहले बीएमसी के चुनावों की घोषणा का भी इंतजार किया जा रहा है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन में आए दिन जिस तरह से तीखी बयानबाजी हो रही है, उससे इस तरह की अटकलें लग रही हैं कि अंदर ही अंदर एमवीए में दरार तो नहीं पड़ रही है?












Click it and Unblock the Notifications