हाफिज सईद की रैली को फोन से संबोधित किया आसिया अंद्राबी ने
श्रीनगर। घाटी में अलगाववादी नेताओं के हौसलें किस कदर बढ़ते जा रहे हैं और कैसे सरकार की बेचारगी सामने आ रही है, इसका ताजा उदाहरण है अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी।

इंग्लिश न्यूज चैनल टाइम्स नाओ की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। इस वीडियो में आसिया अंद्राबी मुंबई हमलों के मास्टर माइंड और लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद की रैली को संबोधित कर रही है।
14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाहौर में यह रैली हुई थी। आसिया ने फोन पर इस रैली में आए लोगों को संबोधित किया है। आसिया पाकिस्तान के लोगों को बधाई देती नजर आ रही हैं।
साथ ही वह पाकिस्तान के समर्थन में नारे भी लगा रही हैं। इससे पहले हाफिज सईद ने दुख्तरान-ए-मिल्लत कश्मीर की नेता आप लोगों से मुखातिब होना चाहती हैं, यह कहकर उनका परिचय लोगों को दिया।
अंद्राबी ने इस रैली में कहा कि आज हम पयाम-ए-पाकिस्तान की 69वीं सालगिरह मना रहे हैं। हम आप लोगों को बधाई देते हैं और इस जश्न में आपके साथ शामिल हैं।
आसिया ने भारत को खुली चुनौती देते हुए कहा कि हम कश्मीर को भारत से आजाद कराकर ही रहेंगे। आसिया ने कहा कि हमने पाकिस्तानी भाई-बहनों के साथ मिलकर आजादी का जश्न मनाया है और राष्ट्रगान गाया है।
इससे पहले शुक्रवार को आसिया ने श्रीनगर के बाहरी इलाके में पाक का झंडा फहराया था और नारेबाजी भी की थी। इसी दिन आसिया ने बाद में लाहौर में सईद की रैली को भी संबोधित किया था। इस पूरे मामले में पीडीपी के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर की सरकार चला रही बीजेपी की जमकर खिंचाई हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications