कांग्रेस को बड़ा झटका, पार्टी के बड़े नेता ने ज्वाइन की भाजपा
नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता टॉम वडक्कन गुरुवार को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद टॉम वडक्कन ने कहा कि उन्होंने खराब नीतियों के कारण कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर कांग्रेस का रूख देशहित में नहीं है।

टॉम वडक्कन ने कहा कि पुलवामा हमले पर पार्टी के सवालों से वे आहत हुए। कांग्रेस का स्टैंड इस मामले पर देशहित में नहीं था और इसलिए देशहित में उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि वे 20 सालों तक पार्टी की सेवा करते रहे लेकिन अब यूज एंड थ्रो की नीति पार्टी में शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई राजनीतिक पार्टी ऐसा कदम उठाती है जो देश के खिलाफ है तो मेरे पास पार्टी छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
टॉम वडक्कन को यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी का करीबी माना जाता था। ऐसे में उनका पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। टॉम वडक्कन ने कहा, 'मैंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को दे दिया। लेकिन पार्टी में वंशवाद की राजनीति अब अपने चरम पर है। स्वाभिमानी लोगों के लिए इसमें कोई जगह नहीं है।' उन्होंने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करने के बाद पीएम मोदी की तारीफ की। टॉम वडक्कन कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही कई दलों के नेता अपनी-अपनी पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही गुजरात में कांग्रेस के तीन विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं, खबर आ रही है कि बीजेपी के नेता बी.एस. खंडूरी के बेटे अब कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications