Indian Railway में मुफ्त सफर करेंगे देश के वीर, कैसे मिलेगा लाभ? जानें फ्री यात्रा की क्या हैं शर्तें
Sena Medal Gallantry Railway Concession: भारत सरकार ने देश की रक्षा में अदम्य साहस दिखाने वाले जांबाजों के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब सेना मेडल (Sena Medal), नौसेना मेडल (Nau Sena Medal) और वायु सेना मेडल (Vayu Sena Medal) से सम्मानित वीरता पुरस्कार विजेताओं को भारतीय रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा (Complimentary Lifelong Free Travel) की सुविधा दी जाएगी।
रक्षा मंत्रालय और रेल मंत्रालय के बीच लंबे विचार-विमर्श के बाद, सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह कदम देश के उन हीरोज के सम्मान में उठाया गया है जिन्होंने युद्ध या शांति काल में असाधारण वीरता का परिचय दिया है।

Railway में फ्री ट्रैवल के लिए किसे मिलेगा इसका लाभ?
सरकार के नए आदेश के अनुसार, यह रियायत निम्नलिखित श्रेणियों के लिए मान्य होगी:
पुरस्कार विजेता: थल सेना, नौसेना और वायु सेना के वे जवान और अधिकारी जिन्हें 'वीरता' (Gallantry) के लिए पदक मिला है।
जीवनसाथी: यदि पुरस्कार विजेता का निधन हो गया है, तो उनके पति या पत्नी (विधवा/विधुर) को यह लाभ मिलेगा। हालांकि, पुनर्विवाह करने पर यह सुविधा समाप्त हो जाएगी।
माता-पिता: यदि पुरस्कार मरणोपरांत दिया गया है और शहीद जवान अविवाहित था, तो उनके माता-पिता इस मुफ्त यात्रा सुविधा के पात्र होंगे।
फर्स्ट क्लास और AC में फ्री सफर का मिलेगा आनंद
इस नई योजना के तहत सुविधाओं का दायरा काफी विस्तृत रखा गया है। लाभार्थी फर्स्ट क्लास (First Class), सेकंड एसी (2 AC) और एसी चेयर कार (AC Chair Car) में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। पुरस्कार विजेता के साथ एक साथी को भी उसी श्रेणी में मुफ्त यात्रा करने की अनुमति होगी। यह पास एक बार जारी होने के बाद जीवनभर के लिए मान्य होगा।
बता दें कि इससे पहले, केवल परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं को ही आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। सेना, नौसेना और वायु सेना मेडल वरीयता क्रम में शौर्य चक्र के ठीक बाद आते हैं। इस फैसले से उन हजारों मध्यम श्रेणी के वीरता पुरस्कार विजेताओं को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें अब तक इस सुविधा से बाहर रखा गया था।
पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के नए अवसर
इसी के साथ, भारतीय रेलवे और भारतीय सेना ने 'फ्रेमवर्क ऑफ कोऑपरेशन' की भी शुरुआत की है। इसके तहत सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों को रेलवे में रोजगार के विशेष अवसर दिए जाएंगे। लेवल-1 के पदों पर पूर्व सैनिकों के लिए 20% और लेवल-2 से ऊपर के पदों पर 10% आरक्षण दिया गया है। रिटायर्ड अग्निवीरों के लिए भी क्रमशः 10% और 5% का कोटा निर्धारित है।
फिलहाल, 5,000 से अधिक लेवल-1 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। केंद्र सरकार का यह निर्णय देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक है। जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा जैसी सुविधा न केवल उनके योगदान को मान्यता देती है बल्कि यह भी दर्शाती है कि देश अपने रक्षकों को कभी नहीं भूलता।












Click it and Unblock the Notifications