पद्मावत की रिलीज रुकवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राजस्थान-मध्यप्रदेश, सुनवाई कल
नई दिल्ली। राजस्थान और मध्य प्रदेश की सरकारों ने फिल्म 'पद्मावत' की रिलीज रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को पुनर्विचार याचिका दाखिल की है। सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा। राजस्थान और मध्यप्रदेश ने अर्जी दायर कर अनुरोध किया है कि विवादित फिल्म पद्मावत की रिलीज से जुड़े अपने 18 जनवरी के फैसले को सर्वोच्च अदालत वापस ले ले।

चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा अध्यक्षता वाली तीन सदस्यी पीठ ने फिल्म के प्रदर्शन से जुड़े कोर्ट के आदेश में संशोधन की मांग करने वाली दोनों राज्यों की अंतरिम अर्जी पर सुनवाई के लिए 23 जनवरी की तारीख तय की है। दोनों राज्यों ने दावा किया है कि सिनेमैटोग्राफी कानून की धारा छह उन्हें कानून-व्यवस्था के संभावित उल्लंघन के आधार पर किसी भी विववादित फिल्म के प्रदर्शन को रोकने का अधिकार देती है।
फिल्म के निर्माता वायकॉम18 की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता हरिश साल्वे ने अंतरिम अर्जी पर त्वरित सुनवायी का विरोध किया। लेकिन कोर्ट विरोध को दरकिनार कर मामले की सुनवाई को राजी हो गया है।
आपको बता दें कि कोर्ट ने अपने 18 जनवरी के आदेश के जरिए पूरे देश में 25 जनवरी को फिल्म रिलीज करने का रास्ता साफ कर दिया था। अपने आदेश में उसने गुजरात और राजस्थान में फिल्म के प्रदर्शन पर लगी रोक को स्थगित कर दिया था। इस संबंध में हालांकि हरियाणा और मध्यप्रदेश ने कोई औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications