चेन्नई में सैमसंग कर्मचारियों की हड़ताल, कंपनी ने दी चेतावनी, कहा-काम नहीं तो वेतन नहीं
Samsung Workers Strike: सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और तमिलनाडु के कर्मचारियों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिसके बाद अब सैमसंग ने चेन्नई में हड़ताल पर गए कर्मचारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। कंपनी ने हड़ताली कर्मचारियों को 'काम नहीं तो वेतन नहीं' की वार्निंग दी है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कंपनी ने कहा है कि अगर उनका प्रदर्शन जारी रहेगा तो उन्हें वेतन का भुगतान नहीं होगा। इसी के साथ यह भी कहा है कि उनको प्रदर्शन अगर जल्द खत्म नहीं हुआ तो नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने चेन्नई में अपने कारखाने में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि उन्हें बिना काम के वेतन नहीं मिलेगा और उन्हें नौकरी से भी निकाला जा सकता है।
9 सितंबर शुरू हुई हड़ताल
बता दें कि हाल ही में 9 सितंबर शुरू हुई हड़ताल में चेन्नई के पास सैमसंग के घरेलू उपकरण ( home appliances) कारखाने के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं।
कर्मचारी उच्च वेतन और अपने संघ को आधिकारिक मान्यता देने की मांग कर रहे हैं। यह प्लांट सैमसंग के लिए एक प्रमुख उत्पादन इकाई है, जो भारत में कंपनी के वार्षिक राजस्व का लगभग एक-तिहाई योगदान देता है, जो $12 बिलियन है।
वेतन में वृद्धि की प्रमुख मांग
बता दें कि कर्मचारियों ने कारखाने के पास एक अस्थायी तम्बू लगा है, जहां वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रख हुए हैं। उनकी मुख्य मांगों में वेतन में वृद्धि और उनके संघ को औपचारिक मान्यता देना शामिल है, जिसका समर्थन सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (CITU) द्वारा किया जाता है।
संघ वेतन वृद्धि के लिए दबाव बना रहा है, जिससे अगले तीन वर्षों में औसत मासिक वेतन 25,000 रुपए से बढ़कर 36,000 रुपए हो जाएगा।
सैमसंग ने कानूनी कार्रवाई करके हड़ताल का जवाब दिया है। पिछले सप्ताह, कंपनी ने एक जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया और संघ के खिलाफ अस्थायी निषेधाज्ञा की मांग की, ताकि उन्हें कारखाने के पास विरोध प्रदर्शन करने से रोका जा सके।
"अवैध हड़ताल" करार दिया
हालांकि, अदालत ने विरोध प्रदर्शन के खिलाफ कोई सीधा आदेश जारी नहीं किया और इसके बजाय विवाद के त्वरित समाधान का आह्वान किया। शुक्रवार को हड़ताली कर्मचारियों में से कुछ को भेजे गए एक ईमेल में, सैमसंग की मानव संसाधन (HR) टीम ने विरोध प्रदर्शन को "अवैध हड़ताल" करार दिया।
ईमेल में कहा गया था कि हड़ताल में भाग लेने वाले कर्मचारी 9 सितंबर 2024 से तब तक वेतन के हकदार नहीं होंगे, जब तक वे काम पर वापस नहीं आ जाते। संदेश स्पष्ट था: 'कोई काम नहीं, कोई वेतन नहीं।' ईमेल में आगे चेतावनी दी गई है कि अगर कर्मचारी चार दिनों के भीतर काम पर वापस नहीं आते हैं, तो उन्हें यह बताना होगा कि उन्हें नौकरी से क्यों नहीं निकाला जाना चाहिए।
सैमसंग ने यह भी बताया कि वह मुद्दों को सुलझाने के लिए चर्चा के लिए तैयार है, उसने कर्मचारियों से बातचीत की मेज पर लौटने का आग्रह किया। तीन कर्मचारियों ने रॉयटर्स को पुष्टि की कि उन्हें सैमसंग की एचआर टीम से चेतावनी वाला ईमेल मिला है। चेतावनियों के बावजूद, कर्मचारियों ने अपना विरोध जारी रखा है, और हड़ताल समाप्त होने का कोई तत्काल संकेत नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications