'लवयात्री' फिल्म को लेकर सलमान खान को मिल रही हैं धमकियां, पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
नई दिल्ली। सलमान खान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही बॉलीवुड फिल्म 'लवयात्री' को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि फिल्म के खिलाफ देश के किसी भी हिस्से में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। सलमान खान की याचिका पर सीजेआई दीपक मिश्रा इस मामले की सुनवाई के लिए तैयार हो गए हैं। बता दें कि फिल्म को लेकर उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनके खिलाफ देश में अलग-अलग जगहों पर केस दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे।

फिल्म सेंसर बोर्ड से स्वीकृति मिलने को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने इस मामले में आदेश दिया कि, फिल्म के नाम और उसकी सामग्री के संबंध में उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई ना की जाए। इसके अलावा सलमान खान और इस फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ सभी एफआईआर पर रोक लगा दी है। वहीं सलमान खान ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि, फिल्म 'लवयात्री' के लिए उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
सलमान खान पर आरोप लगाए गए हैं कि, फिल्म के नाम से हिन्दुओं की धार्मिक भावना आहत हो रही है। इस फिल्म के नाम को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जाहिर की है। उनका कहना है कि, फिल्म का नाम नवरात्रि से मिलता-जुलता है। जो कि हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत करता है। सलमान खान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बिहार और गुजरात में कुछ लोगों ने मुकदमे दर्ज कराए हैं।












Click it and Unblock the Notifications