कठोर हुए मुलायम, सैफई महोत्सव में मीडिया की एंट्री पर लगाया बैन

सैफई महोत्सव की समापन संध्या में प्रस्तुति देने के लिए सलमान खान, माधुरी दीक्षित, राखी सावंत, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट सहित कई बॉलीवुड सितारे सैफई पहुंच चुके हैं। इटावा जिला प्रशासन ने आज कार्यक्रम में मीडिया पर कैमरे लेकर जाने पर रोक लगा दी है। उधर इस बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमने मीडिया पर रोक नहीं लगाई। सलमान खान व अन्य सितारे मीडिया कवरेज नहीं चाहते। मीडिया कैमरों पर रोक लगाई गई है। 26 दिसंबर को शुरू हुए इस महोत्सव का समापन 8 जनवरी को होना है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश ईकाई ने कहा है कि पूरा प्रदेश समस्याओं से कराह रहा है, जबकि सरकार सैफई महोत्सव में मस्त है। सरकार की मौजमस्ती कैमरे में कैद न हो इसलिए अब मीडिया कैमरों पर रोक लगाई जा रही है, जो बेहद ही शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जिन दृश्यों के जनता में जाने से सरकार की जगहंसाई होने का अहसास है, इसी कारण सैफई महोत्सव में कैमरों पर रोक लगाई गई, वह काम ही अखिलेश सरकार क्यों कर रही है।
प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति सरकार की लापरवाही का आलम यह है कि लोग ठंड से बेहाल हैं। सरकारी दावे के विपरीत कम्बल वितरण का कार्यक्रम दिखावा बन कर रह गया है।
पाठक ने कहा कि कई शहरों में बनाए गए रैनबसेरे टूटे पड़े हैं। रैनबसेरे में कम्बल वितरण के कार्यक्रम के दौरान वाराणसी में हाथापाई पर उतारू मंत्री को सबने कैमरे पर देखा। जनसमस्याओं से मुंह चुराते अखिलेश सरकार के मंत्री सवालों पर भड़क रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री मौज मस्ती में मस्त है यह बात केवल विपक्ष ही नहीं खुद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव कह चुके हैं। इसे लेकर वह कई बार सपा नेताओं को नसीहत भी दे चुके हैं लेकिन लगता है उसका अब कोई असर नहीं हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications