Sadhvi Prem Baisa Death: साध्वी की मौत का मामला गहराया, SIT ने की पिता से पूछताछ, सामने आए चौंकानेवाले दावे
Sadhvi Prem Baisa Death: जोधपुर की साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का रहस्य गहराता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस गुत्थी को और उलझा दिया है। संदेह के दायरे में पिता समेत आश्रम के कई करीबी लोग हैं। मामले की जांच कर रही एसआईटी (विशेष जांच दल) लगातार आश्रम में छानबीन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कई अहम जगहों को सील कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान और एसआईटी प्रमुख एसीपी छवि शर्मा ने बोरानाडा स्थित आश्रम का दौरा किया है।
एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची एसआईटी ने आश्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ की। साध्वी के पिता विरमनाथ से भी लंबी पूछताछ की गई है। सोमवार को भी उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अब तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Sadhvi Prem Baisa Death: पिता समेत करीबी लोगों से पूछताछ
जांच के दौरान कुछ नई जानकारियां सामने आई हैं, जिसके बाद नए सिरे से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रेम बाईसा के पिता विरमनाथ आश्रम के ड्राइवर सुरेश और अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन भी किया गया है। सूत्रों का कहना है कि पिता की भूमिका को संदिग्ध माना जा रहा है और अब तक क्लीनचिट नहीं दी गई है। एसआईटी ने आश्रम के अलग-अलग हिस्सों में जाकर जांच की है और साक्ष्य जुटाए हैं।
इस घटना पर राजनीतिक बवाल भी शुरू हो गया है। कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने कहा है कि निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए और अगर कोई साजिश में संलिप्त है, तो कड़ी सजा मिलनी चाहिए। राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में साध्वी प्रेम बाईसा की लोकप्रियता काफी ज्यादा थी। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी।
Sadhvi Prem Baisa Death: मौत के बाद उठ रहे ये सवाल
- मौत को लेकर कई तरह की थ्योरी सामने आ रही हैं। एक संभावना यह जताई जा रही है कि गले में खाना फंसने से साध्वी की सांस रुक गई हो।
- अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के अंतिम निष्कर्ष के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आंतों के पूरी तरह से लाल होने की बात सामने आई है।
- ड्राइवर सुरेश के मुताबिक प्रेम बाईसा को उल्टी हुई थी, जबकि पिता ने सांस लेने में दिक्कत की बात कही थी। इसके अलावा जहर देने या इंजेक्शन से संक्रमण की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
- जांच टीम प्रॉपर्टी विवाद और साजिश के एंगल से भी इनकार नहीं कर रही है। साध्वी के तनाव में रहने की बात भी सामने आई है। कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया प्रोफाइल और बैंक दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications