राहत: देश में इस महीने के आखिर तक मिलने लगेगी रूसी कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-V
राहत: देश में इस महीने के आखिर तक मिलने लगेगी रूसी कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-V
नई दिल्ली, 11 मई: देश में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के साथ ही वैक्सीन की कमी भी लगातार बनी हुई है। वैक्सीन की कमी से इस महीने के आखिर तक एक बड़ी राहत मिल सकती है। इस महीने के आखिर तक बाजार में रूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक-वी भी उपलब्ध हो जाएगी। इस वैक्सीन को इस्तेमाल की मंजूरी मिलने के बाद स्पुतनिक की पहली खेप भी भारत पहुंच चुकी है।

रूस में तैयार की गई स्पुतनिक-वी को लेकर कई राज्य और प्राइवेट अस्पताल हैदराबाद की डॉ. रेड्डी लैब्स के साथ संपर्क में हैं। डॉ रेड्डी लैबोरेटरीज भारत में रूस की कोविड वैक्सीन स्पुतनिक की मार्केटिंग फर्म है। ऐसे में राज्य सरकारें और प्राइवेट अस्पताल अस्पताल वैक्सीन के दामों, उपलब्धता और अन्य मामलों पर डॉ रेड्डी लैबोरेटरीज से बात कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस महीने के आखिर तक राज्यों और प्राइवेट अस्पतालों को ये वैक्सीन मिल जाएगी।
रूस से भारत को मिलेंगी स्पुतनिक की एक करोड़ 80 लाख डोज
रूस से स्पूतनिक वी की पहली खेप एक मई को भारत पहुंची है। ये खेप हैदराबाद पहुंची है, जिसमें वैक्सीन की 15 लाख खुराक हैं। स्पूतनिक की 15 लाख और डोज इसी महीने भारत आ जाएंगी। भारत को स्पुतनिक-वी की कुल 1 करोड़ 80 लाख मिलनी है। मई में 30 लाख डोज के बाद जून में 50 लाख डोज आएंगी। वहीं बाकी की एक करोड़ डोज जुलाई में भारत आएंगी।
रूस की स्पुतनिक-वी को भारत ने आपात इस्तेमाल के लिए अप्रैल में मंजूरी दी थी। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने देश में कोरोना वायरस के खिलाफ रूसी स्पुतनिक वी वैक्सीन के उपयोग की मंजूरी दी है। देश में इस्तेमाल होने वाली स्पुतनिक-वी तीसरी वैक्सीन होगी। अब तक भारत बायोटेक की कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट में बन रही कोविशील्ड का इस्तेमाल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications