New Rules from 1st July 2025: UPI पर लगेगा पैसा, ATM का इस्तेमाल भी होगा महंगा, 1 जुलाई से बदलेंगे ये नियम
New Rules From 1st July 2025: महीना बदलने के साथ कुछ नियम बदलने, कुछ बंद होने और कुछ शुरू होने की रिवायत इस बार भी जारी रहेगी। इसलिए जुलाई में तत्काल टिकट बुकिंग से लेकर क्रेडिट, डेबिट कार्ड, एटीएम से पैसा निकालने और पैन कार्ड से जुड़े नियम हैं। तो जानिए कि जुलाई से क्या-क्या नियम बदल जाएंगे।
तत्काल टिकट की बुकिंग में बदलाव
अगर आप रेल यात्रा करते रहते हैं तो ये आप से सीधा जुड़ा हुआ है। इंडियन रेलवे जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर कुछ नए नियम लागू करने जा रहा है। अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार कार्ड देना अनिवार्य होगा। बिना आधार कार्ड के टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा। चाहे काउंटर से टिकट बुक करें या एजेंट से, बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करने के बाद ही टिकट बुक होगा।

टिकट एजेंटों की बढ़ेगी मुसीबत
बुकिंग एजेंट तत्काल विंडो खुलने के 30 मिनट बाद ही टिकट बुक कर पाएंगे। उदाहरण के लिए, AC क्लास टिकट के लिए बुकिंग विंडो सुबह 10:00 बजे खुलती है, लेकिन एजेंट 10:30 बजे के बाद ही टिकट बुक कर सकेंगे। इसी तरह, नॉन-एसी क्लास टिकट के लिए बुकिंग सुबह 11:00 बजे खुलती है, और एजेंट 11:30 बजे तक बुकिंग नहीं कर पाएंगे। ये नए नियम 15 जुलाई से लागू होंगे और IRCTC और PRS सिस्टम दोनों पर लागू होंगे, जिसका मतलब है कि ये ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की बुकिंग पर लागू होंगे।
HDFC क्रेडिट कार्ड में कर रहा बड़ा बदलाव
HDFC क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 जुलाई से कुछ नए नियम लागू हो रहे हैं। कंपनी ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े ट्रांजेक्शन पर नियमों को सख्त करने जा रही है। ड्रीम 11, MPL और रमी कल्चर जैसे गेमिंग ऐप्स पर हर महीने 10,000 रुपये से ज़्यादा खर्च करने पर 1% का अतिरिक्त शुल्क लगेगा। यह शुल्क अधिकतम 4,999 रुपये प्रति महीना होगा। इसके अलावा, ऑनलाइन स्किल-बेस्ड गेमिंग से जुड़े ट्रांजेक्शन करने पर जो रिवॉर्ड पॉइंट मिलते थे अब वो भी नहीं मिलेंगे।
UPI ट्रांजेक्शन पर फीस
पेटीएम, मोबिक्विक और फ्रीचार्ज जैसे थर्ड पार्टी वॉलेट्स पर 10,000 रुपये से ज़्यादा ट्रांसफर करने पर 1% एक्स्ट्रा फीस देनी होगी। यदि आप HDFC क्रेडिट कार्ड से यूटिलिटी सर्विसेज जैसे कि बिजली, पानी, गैस आदि का पेमेंट करते हैं, तो 1 जुलाई से इन कामों के लिए क्रेडिट कार्ड से 50,000 रुपये से ऊपर का पेमेंट करने पर और 15,000 रुपये से ऊपर फ्यूल ट्रांजेक्शन पर 1% एडिशनल चार्ज देना पड़ेगा। कार्ड से इंश्योरेंस पेमेंट करने पर सीमित रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलेंगे, जिनकी सीमा अलग-अलग कार्ड्स के लिए अलग-अलग है। इसकी विस्तृत जानकारी HDFC की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
ICICI बैंक से पैसे निकालने के नियम
ICICI बैंक ने भी कई सर्विसेज के लिए चार्जेज बढ़ा दिए हैं। ATM से मेट्रो शहरों में तीन ट्रांजेक्शन और नॉन-मेट्रो शहरों में पांच ट्रांजेक्शन फ्री होंगे। इसके बाद नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन पर 8.5 रुपये और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन पर 23 रुपये देने होंगे। 1 लाख रुपये से ऊपर पैसे जमा करने पर हर 1000 रुपये पर 3.5 रुपये या 150 रुपये, जो भी अधिक हो, चार्ज लिया जाएगा।
पैसे निकालने में भी देना होगा पैसा
निकासी के लिए भी यही नियम है। तय फ्री ट्रांजेक्शन की सीमा को पार करने पर या 1 लाख रुपये से ज़्यादा की निकासी करने पर अब फीस देनी होगी। हर 1000 रुपये पर 3.5 रुपये या 150 रुपये, जो भी अधिक हो, चार्ज के रूप में देना होगा।
पैन कार्ड के लिए आधार जरूरी
1 जुलाई, 2025 से पैन कार्ड के एप्लिकेशन के लिए आधार कार्ड देना अनिवार्य होगा। अभी तक नाम, जन्म की तारीख या कोई और आईडी देकर पैन कार्ड के लिए आवेदन किया जा सकता है। सरकार ने पैन कार्ड को आधार से लिंक करने के लिए पहले ही कहा हुआ है। बिना पेनल्टी के पैन को आधार से लिंक करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर, 2025 है।
UPI पेमेंट के लिए नए नियम
30 जून से UPI पेमेंट करने पर यूजर्स का बैंक में रजिस्टर्ड नाम ही दिखेगा। अभी तक ऐसा होता था कि पैसे भेजने पर यूजर को अपना कोई भी नाम रखने का विकल्प मिलता था। वहीं, पैसे रिसीव करने वाले का नंबर आपने किसी भी नाम से सेव कर रखा हो, पैसे भेजते वक्त अपने आप बैंक में रजिस्टर्ड नाम ही दिखने लगेगा। UPI का प्रबंधन करने वाली संस्था, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ऑनलाइन पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए यह कदम उठाया है। इससे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े फर्जीवाड़ों पर लगाम लगेगी।
बदलाव और जानकारी
इस प्रकार, जुलाई महीने से कई वित्तीय और टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। ग्राहकों को इन बदलावों के बारे में जानकारी रखना आवश्यक है ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने लेनदेन और बुकिंग कर सकें।
इनमें से कौन सा बदलाव आपको अच्छा लगा और कौन सा खराब, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications