कर्नाटक: भाजपा विधायक के 102 साल के स्वतंत्रता सेनानी को पाक एजेंट कहने पर विधानसभा में हंगामा
कर्नाटक: भाजपा विधायक के स्वतंत्रता सेनानी को पाक एजेंट कहने पर विधानसभा में हंगामा
नई दिल्ली। भाजपा विधायक के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एचएस डोरेस्वामी को पाकिस्तानी एजेंट कहे जाने को लेकर कर्नाटक विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कर्नाटक की विजयपुरा से भाजपा विधायक बसवराज यत्नाल ने सीएए का विरोध करने पर एचएस डोरेस्वामी को पाक एजेंट कहा है। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को विधानसभा में यह मामला उठाया तो भाजपा ने इसका विरोध किया। इससे सदन में हंगामा हुआ और इसकी वजह से विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

कांग्रेस की ओर से मांग की जा रही है कि भाजपा नेता बसवराज यत्नाल पर उनकी टिप्पणी के लिए कार्रवाई हो। कांग्रेस प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खांडरे ने कहा है कि बसवराज यत्नाल, ने देश के स्वतंत्रता सेनानी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की हैं। हमने विधानसभा में मांग की है कि सरकार त्वरित कार्रवाई करे, और उनके खिलाफ केस दर्ज करे, विधायक पद से निष्कासित करे, और सदन का सम्मान और मर्यादा को बरकरार रखे।
102 साल के एचएस डोरेस्वामी भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की नीतियों के आलोचक रहे हैं। वे नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। इस पर भाजपा विधायक यत्नाल ने कहा है कि डोरेस्वामी नकली स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पाकिस्तानी एजेंट हैं। भाजपा के कई नेताओं ने यत्नाल का बचाव किया है। भाजपा नेताओं ने डोरेस्वामी को जेडीएस और कांग्रेस के इशारे पर बोलने वाला कहा है।
1918 को मैसूरु के हारोहल्ली गांव में जन्मे डोरेस्वामी महात्मा गांधी के 'भारत छोड़ो आंदोलन' में शामिल हो गए। 1943-44 में वह 14 महीनों तक जेल में रहे। आजादी के बाद भी कई आंदोलनों में शामिल होते रहे हैं। हाल ही में डोरेस्वामी बंगलुरु के टाउन हॉल के बाहर हो रहे प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। डोरेस्वामी 1975 में आपातकाल के विरोध के लिए भी गिरफ्तार हुए थे। वो तब चार महीने जेल में रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications