KYC अपडेट करने के नाम पर एक बड़ी कंपनी के MD से 13 लाख रुपये की ठगी
नई दिल्ली- मुंबई के पास ठाणे में एक बड़ी कंपनी के एमडी से केवाईसी अपडेट करने के बहाने 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रविवार को पुलिस ने बताया कि यह घटना ठाणे जिले के अंबरनाथ की है। जिस व्यक्ति को ई-कॉमर्स पेमेंट सिस्टम के लिए केवाईसी अपडेट करने को कहा गया, उनकी उम्र 60साल है और उन्होंने पुलिस में इस संबंध में दो लोगों राहुल शर्मा और रोहित शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

ठाणे के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, "पीड़ित मशीनरी बनाने वाली एक कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक फोन आया और फोन करने वाले (शर्मा) ने उनसे कहा कि उन्हें उनके बारे में कुछ जानकारी चाहिए, क्योंकि उनके पेटीएम अकाउंट का केवाईसी अपडेट करना है। उन लोगों पर भरोसा करके उन्होंने अपनी जानकारी उन्हें दे दी।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि, "उन्होंने उनसे वेरिफिकेशन के नाम पर अपने पेटीएम अकाउंट से एक रुपये का टोकन ट्रांजेक्शन करने के लिए भी कहा। उन्होंने वैसा ही किया। इसके बाद 24 दिसंबर को उन्हें फोन पर एक के बाद एक कई मैसेज आए, जिससे पता चला कि पेटीएम से जुड़े उनके दो बैंक अकाउंट से 13,09,911 रुपये निकाल लिए गए हैं।"
पुलिस ने आईपीसी की धारा-419,420 (धोखाधड़ी) और आईटी ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह घटना हर नागरिक के लिए एक सीख की तरह है और अगर आपके पास यदि ऐसा संदिग्ध फोन या मेल आता है, जिसमें आपसे कोई ट्रांजैक्शन करने के लिए कहा जाता है तो बिना पूरी जांच-पड़ताल किए ऐसा कतई न करें और इस बात की सूचना फौरन पुलिस और संबंधित कंपनी को दें।












Click it and Unblock the Notifications