VIDEO: बेंगलुरु में फिर रोड रेज, बोनट पर लटका रहा युवक, महिला चलाती गई कार
Road Rage in Bengaluru: बेंगलुरु में एक शख्स को कार सवारों ने काफी दूर तक घसीटा। इस मामले में महिला समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Road Rage in Bengaluru: कंझावला केस के सामने आने के बाद से देशभर में रोड रेज की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अभी कुछ दिनों पहले बेंगलुरु में एक स्कूटी सवार ने बुजुर्ग को बुरी तरह से घसीटा था, अब वहां से इसी तरह का एक और मामला सामने आया है, जहां कार सवार लोगों ने शख्स को काफी दूर तक घसीटा, जिससे उसकी जान पर बन आई थी। हालांकि बाद में वो सुरक्षित बच निकला।
जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु में एक युवक की गाड़ी की टक्कर महिला की कार से हो गई थी। इसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया। जिस पर महिला ने शख्स को एक किलोमीटर तक घसीटा। शख्स बोनट पर लटककर कार सवारों से गाड़ी रोकने की अपील कर रहा था, लेकिन उन्होंने उसकी एक ना सुनी। इसके अलावा बहुत से युवकों ने भी कार सवारों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वो लोग युवक को घसीटते गए।
राहत की बात ये रही कि घटना में युवक को किसी भी तरह की चोट नहीं आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक पुलिस ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें प्रियंका नाम की महिला भी शामिल है। जिस पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) का मामला दर्ज किया गया, क्योंकि कार वही चला रही थी। पुलिस के मुताबिक अन्य चार दर्शन, यशवंत, सुजान और विनय के खिलाफ आईपीसी की धारा 453 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
17 तारीख को हुई थी ऐसी वारदात
वहीं इससे पहले 17 जनवरी को इसी तरह की घटना हुई थी। उस दिन एक स्कूटी सवार हादसे के बाद भागने लगा। जब बुजुर्ग ने उसको पकड़ने की कोशिश की, तो वो उनको घसीटते हुए काफी दूर ले गया। इसका भी वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना के बाद बेंगलुरु पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications