महागठबंधन पर नीतीश कुमार ने उठाए सवाल तो भड़के लालू यादव, कहा- 'ऐसे पलटू दगाबाजों को शर्म भी नहीं आती'
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज होने लगा है। चाहे बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन हो या फिर विपक्षी पार्टियों का महागठबंधन, सभी अपनी तैयारी में जुटे हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। दरअसल नीतीश कुमार ने बिहार में आरजेडी-कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों के महागठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़े किए थे। इसी पर लालू यादव ने ट्वीट के जरिए नीतीश कुमार पर पलटवार किया। उन्होंने नीतीश कुमार को दगाबाज बताते हुए कहा कि पलटू-दगाबाजों को शर्म भी नहीं आती।

महागठबंधन पर नीतीश के बयान पर लालू का पलटवार
आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट करते हुए नीतीश कुमार के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि महागठबंधन का कोई भविष्य नहीं। इसके बाद लालू यादव ने कहा, "जो आदमी महागठबंधन के वोट से कुर्सी पर बैठा है। जिसने दिनदहाड़े जनादेश की डकैती एवं 11 करोड़ बिहारियों के जनादेश का अपमान किया है वह किस ज़ुबान से महागठबंधन का भविष्य बता रहा है। ऐसे पलटू दग़ाबाज़ों को शर्म भी नहीं आती।"

लालू यादव ने किया ये ट्वीट
आरजेडी अध्यक्ष ने इस ट्वीट के जरिए एक तरह से बिहार के सीएम नीतीश कुमार को याद दिलाया कि वह जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह महागठबंधन की ही देन है। लालू यादव इस समय चारा घोटाले से जुड़े मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद सजा काट रहे हैं। उनकी तबीयत भी ठीक नहीं है जिसकी वजह से वो पिछले कुछ दिनों से रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज करा रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार के बयान पर उठाए थे सवाल
बता दें कि नीतीश कुमार ने सोमवार को महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा था कि इसका कोई भविष्य नहीं है, जनता मालिक है और वो सब जानती है। सीएम नीतीश कुमार के इस बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन में शामिल कई बड़े नेताओं ने ऐतराज जताया था। तेजस्वी यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री अपनी भाषा से पद की गरिमा को खत्म कर रहे हैं। नीतीश खुद भी बोल रहे हैं और अपने प्रवक्ताओं को भी ट्रेनिंग दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications