तमिलनाडु सरकार ने रिटायर्ड जस्टिस को दिया जयललिता की मौत की जांच का जिम्मा
एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनकरन ने कहा है कि उनके पास जयललिता की मौत के दौरान का वीडियो है। हालांकि, उन्हें उस विडियो को रिलीज करने की इजाजत नहीं है।
नई दिल्ली। तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता की मौत की जांच का जिम्मा रिटायर्ड जस्टिस ए अरुमुघास्वामी को दिया गया है। अब ए अरुमुघास्वामी ये पता लगाएंगे की आखिर जयललिता की मौत कैसे और किन वजहों से हुई थी। तमिलनाडु में जारी राजनीतिक लड़ाई के बीच जयललिता की मौत को लेकर कई तरह की बातें चल रही थी।

इससे पहले एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनकरन ने कहा है कि उनके पास जयललिता की मौत के दौरान का वीडियो है। हालांकि, उन्हें उस विडियो को रिलीज करने की इजाजत नहीं है। दिनाकरन ने कहा कि वो जयललिता के मौत की जांच कर रही टीम के सामने वीडियो को पेश करेंगे। दिनकरन ने बताया 'शशिकला के पास अस्पताल में भर्ती जयललिता का एक वीडियो है। जयललिता ने गाउन पहना था।' वीडियो तब का है जब तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपको बता दें कि जयललिता की मौत के राज को लेकर भी तमिलनाडु की राजनीति में कई तरह की बातें हो रही है और पलानीसामी गुट शशिकला को विलेन के तौर पर पेश कर रहा है।
शनिवार को तमिलनाडु सरकार में मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा था कि सभी लोगों ने बताया कि जयललिता स्वस्थ हैं लेकिन ऐसा कुछ था ही नहीं। सच तो ये है कि उन्हें किसी ने देखा ही नहीं था। उन्होंने जयललिता की मौत के लिए शशिकला और उनके परिवार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा था कि अम्मा की मौत को लेकर झूठ बोला गया । तमिलनाडु सरकार में मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा कि अम्मा की सेहत को लेकर झूठ बोलने के लिए उन पर दवाब डाला गया था। जयललिता को बुखार और डिहाइड्रेशन के बाद पिछले 22 सितंबर को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान पार्टी के प्रवक्ता की ओर से लगातार यह कहा गया कि वह स्वस्थ हैं और भोजन ले रही हैं, लेकिन तब जयललिता की कोई तस्वीर जारी नहीं की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications