Republic Day Awards: महाराष्ट्र की झांकी ने मारी बाजी, नौसेना का मार्चिंग दस्ता बना नंबर-1,देखें पूरी लिस्ट
Republic Day 2026 Best Tableau Winners List: गणतंत्र दिवस परेड 2026 में देश की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाने वाली झांकियों और मार्चिंग दस्तों के सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों की श्रेणी में महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और केरल ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए हैं, जबकि मार्चिंग दस्तों में भारतीय नौसेना और दिल्ली पुलिस को सर्वश्रेष्ठ चुना गया है।

इन पुरस्कारों का ऐलान परेड के समापन के बाद किया गया, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के लिए तीन अलग-अलग जज पैनल गठित किए गए थे। इन पैनलों ने थलसेना, नौसेना और वायुसेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों की प्रस्तुतियों का गहन मूल्यांकन किया।
Best Tableau Republic Day Parade: राज्यों की झांकियों में महाराष्ट्र अव्वल
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों की श्रेणी में महाराष्ट्र को पहला स्थान मिला। महाराष्ट्र की झांकी का विषय था -"गणेशोत्सवः आत्मनिर्भरता का प्रतीक", जिसमें राज्य की सांस्कृतिक परंपरा के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
दूसरा स्थान जम्मू-कश्मीर को मिला, जिसकी झांकी "जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प और लोकनृत्य" विषय पर आधारित थी। इस झांकी ने क्षेत्र की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत रूप में दर्शाया।
तीसरे स्थान पर केरल रहा। केरल की झांकी का विषय था --"वॉटर मेट्रो और 100% डिजिटल साक्षरताः आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर केरल", जिसमें आधुनिक विकास, तकनीक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली को दिखाया गया।
मार्चिंग दस्तों में भारतीय नौसेना और दिल्ली पुलिस सर्वश्रेष्ठ
तीनों सेनाओं की श्रेणी में भारतीय नौसेना को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी घोषित किया गया। नौसेना की अनुशासित चाल, समन्वय और प्रस्तुति को जजों ने सबसे प्रभावशाली माना। वहीं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और अन्य सहायक बलों की श्रेणी में दिल्ली पुलिस ने सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ते का पुरस्कार अपने नाम किया।
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की झांकियों की श्रेणी में संस्कृति मंत्रालय की झांकी ने बाजी मारी है। वंदे मातरम् - राष्ट्र की आत्मा की पुकार" को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। इस झांकी में देशभक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
विशेष पुरस्कारों की भी घोषणा
इस साल कुछ प्रस्तुतियों को स्पेशल अवॉर्ड से भी नवाजा गया। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) को उसकी झांकी "वंदे मातरम - 150 वर्ष का स्मरणोत्सव" के लिए विशेष पुरस्कार मिला। इसके अलावा, नृत्य समूह "वंदे मातरमः भारत की शाश्वत गूंज" को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
MyGov पोल से तय हुए पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड
गणतंत्र दिवस परेड 2026 में पहली बार आम लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए MyGov पोर्टल पर ऑनलाइन पोल आयोजित किया गया, जिसके आधार पर पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड दिए गए।लतीनों सेनाओं की श्रेणी में असम रेजिमेंट को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ता चुना गया। CAPFs और अन्य सहायक बलों में सीआरपीएफ ने पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड जीता।
राज्यों की पॉपुलर चॉइस झांकियों में गुजरात पहले स्थान पर रहा, उत्तर प्रदेश दूसरे, और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा। केंद्रीय मंत्रालयों की श्रेणी में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित झांकी को पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड मिला।
सांस्कृतिक विविधता को भव्य रूप से प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस परेड 2026 की झांकियों और मार्चिंग दस्तों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य अनुशासन, तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भरता की भावना को भव्य रूप में प्रस्तुत किया। पुरस्कारों की यह घोषणा उन सभी राज्यों, बलों और मंत्रालयों के लिए सम्मान है, जिन्होंने देश की एकता और शक्ति को राजपथ पर जीवंत किया। गणतंत्र दिवस 2026 के ये पुरस्कार न केवल राज्यों की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हैं, बल्कि भारत की आधुनिक तकनीकी प्रगति (जैसे केरल की वॉटर मेट्रो) और सुरक्षा बलों के कड़े अनुशासन का भी सम्मान करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications