लोकसभा में दानिश अली के साथ गाली-गलौज पर बवाल, रमेश बिधूड़ी पर भड़का विपक्ष, नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
लोकसभा में बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी के विवादित बयान पर बवाल मच गया है। कांग्रेस से लेकर टीएमसी और आप ने इस बयान को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। सभी विपक्षी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि बीजेपी सांसद रमेश बिधूरी ने बसपा सांसद दानिश अली के साथ गाली-गलौज कर दी। उन्हें ऐसे-ऐसे अपशब्द कहे जो कि शायद ही कभी संसदीय इतिहास में प्रयोग किया गया हो। उन्होंने दानिश अली को उग्रवादी तक बता दिया। इसके अलावा कुछ ऐसे शब्द भी बोले जो कि हम आपको नहीं बता सकते।
अब बिधूरी के बयान पर विपक्षी नेता आगबबूला हो गए हैं और सीधे तौर पर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है। जयराम रमेश, मनोज झा से लेकर प्रियंका चतुर्वेदी जैसे नेताओं ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने रमेश बिधूरी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। नीचे पढ़ें नेताओं की प्रतिक्रिया...

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली के बारे में जो कहा, वह बेहद निंदनीय है। इसकी जितनी आलोचना की जाए, उतनी कम है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने माफी मांगी है, लेकिन वह अपर्याप्त है। ऐसी भाषा कभी नहीं सुनी। इस भाषा का इस्तेमाल संसद के अंदर क्या, बाहर भी नहीं किया जाना चाहिए। यह न केवल दानिश अली का बल्कि हम सभी का अपमान है। नई संसद की शुरुआत बिधूड़ी और उनके शब्दों से हुई है। इससे पता चलता है भाजपा की मंशा क्या है। बिधूड़ी जो कह रहे हैं वह भाजपा की मंशा है। मुझे लगता है कि यह निलंबन का उपयुक्त मामला है और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए।
मुझे आश्चर्य नहीं ऐसे बयानों से: आरजेडी सांसद मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा कहा कि मुझे दुख हुआ, लेकिन आश्चर्य नहीं। यह पीएम के 'वसुधैव कुटुंबकम' की सच्चाई है। हमें यह सोचने की जरूरत है कि अगर संसद में एक सांसद के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया, तो मुसलमानों, दलितों के खिलाफ किस तरह की भाषा को वैधता दी गई है। अभी तक पीएम रमेश बिधूड़ी पर एक शब्द नहीं बोल सके हैं।
उमर अब्दुल्ला ने दी प्रतिक्रिया
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर उन्होंने केवल 'आतंकवादी' कहा है, तो हम इसे सुनने के आदी हैं। उन शब्दों का इस्तेमाल पूरे मुस्लिम समुदाय के खिलाफ किया गया था। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि भाजपा से जुड़े मुस्लिम इसे कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं? इससे पता चलता है कि वे क्या सोचते हैं। मुसलमान जो भाजपा के साथ काम करते हैं, उन्हें नींद कैसे आती है।
सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने दी प्रतिक्रिया
बीएसपी सांसद दानिश अली के खिलाफ बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी की टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि आमतौर पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल मूर्ख और निम्न स्तर के लोग करते हैं। यह एक मर्यादा है। संसद को नष्ट कर दिया गया और इसके साथ ही स्पीकर ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। छोटे-छोटे कारणों से लोग निलंबित हो जाते हैं (संसद में) लेकिन वह (रमेश बिधूड़ी) अभी तक निलंबित नहीं हुए हैं। हम, इस देश के मुसलमान ये सब बातें सुनकर बहुत निराशा हुई है, हमने कभी नहीं सोचा था कि इस देश में ऐसा दिन भी आएगा जब संसद के अंदर खुलेआम मुसलमानों का अपमान किया जाएगा।
रमेश बिधूड़ी की भाषा माफिया, गुंडों की भाषा
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि मैं पहले से कहता आ रहा हूं कि बीजेपी गुंडागर्दी कर रही है। सदन के अंदर रमेश बिधूड़ी ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह एक गुंडे, माफिया की भाषा है। उन्होंने एक सम्मानित सांसद के लिए गाली-गलौज की और आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया। दानिश अली का अपमान सभी विपक्षी सांसदों का अपमान है। मैंने मणिपुर का मुद्दा उठाया और मुझे निलंबित कर दिया गया, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications