जेएनयू हिंसा के विरोध में दीपिका पादुकोण ने कहा- मुझे गर्व है, हम अपनी आवाज उठा रहे हैं
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में हुई हिंसा को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। इस मामले पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने कहा है कि मुझे गर्व है कि हम अपनी आवाज उठा रहे हैं। वह जेएनयू में हो रहे प्रदर्शन में भी शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा कि हमें समाज में बदलाव के लिए ये करना चाहिए।

'हमें ये करना चाहिए'
दीपिका ने कहा, 'मुझे इस बात पर गर्व है कि हम खुद की बात रखने से डरते नहीं हैं और हम इसके बारे में सोच रहे हैं, अपने भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। जिस तरह किसी भी मुद्दे के खिलाफ हम सड़कों पर उतरते हैं उस पर मुझे गर्व है। अगर हम समाज में बदलाव देखना चाहते हैं या अपनी बात मनवाना चाहते हैं तो हमें ये करना चाहिए।'

'मैं डरी हुई हूं और दुखी हूं'
दीपिका ने कहा, 'मैं ये कहना चाहती हूं कि मैंने ये तब कहा था जब दो साल पहले पदमावत रिलीज हुई थी। आज मैं जो देख रही हूं, उससे मुझे दुख होता है। मैं आशा करती हूं कि ये सामान्य चीज ना बन जाए। ताकि हर कोई कुछ भी कह पाए। मैं डरी हुई हूं और दुखी हूं। ये हमारे देश की आधारशिला नहीं है।'

विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए कई सेलेब्स
जेएनयू मामले पर बॉलीवुड की बाकी हस्तियों ने भी अपनी राय रखी है। इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ भी सेलेब्स ने अपनी बात रखी थी। अनुराग कश्यप, स्वरा भास्कर, ऋचा चड्ढा और कई अन्य लोगों ने ना केवल अपनी राय व्यक्त की है, बल्कि विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए।

नकाबपोश लोगों ने किया हमला
बता दें रविवार को जेएनयू में कुछ नकाबपोश लोगों ने अचानक विश्वविद्यालय में प्रवेश किया और छात्रों और शिक्षकों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 34 छात्र घायल हो गए। हिंसा के लिए एबीवीपी और लेफ्ट छात्र एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications