रणदीप हुड्डा ने बताया रजनीकांत और नीरज चोपड़ा का ये खास कनेक्शन, वायरल हुआ ट्वीट
मुंबई, 9 अगस्त: एक दिन पहले खत्म हुए टोक्यो ओलंपिक में भारत को नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल दिलाया है। इस ओलंपिक का ये एकमात्र गोल्ड है, जो भारत को मिला है। स्वर्ण पदक जीतने के बाद हर ओर नीरज की ही चर्चा है। फिल्म एक्टर और नीरज के ही प्रदेश हरियाणा से आने वाले रणदीप हुड्डा ने उनको लेकर एक ट्वीट किया है जो खूब वायरल हो रहा है। इस ट्वीट में उन्होंने नीरज और रजनीकांत के बीच एक कनेक्शन की बात कही है।

क्या बोले रणदीप हुड्डा
रणदीप हुड्डा ने फिल्म सुपरस्टार रजनीकांत की एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है कि एक अगर तेजी से नीरज नीरज नीरज बोला जाए तो ये रजनी रजनी रजनी जैसा लगता है। अब आप समझ गए होंगे कि रजनीकांत हर जगह हैं। उनका ये ट्वीट वायरल हो रहा है और लोग इस पर लगातार रिएक्शन दे रहे हैं। ज्वाला गुट्टा और हीना सिद्धू ने भी इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी है।
नीरज ने बनाए एक साथ कई रिकॉर्ड
भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शनिवार को टोक्यो ओलंपिक में गजब का प्रदर्शन करते हुए 87.58 मीटर का बेस्ट थ्रो करके स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। नीरज ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। वहीं ओलंपिक के व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले अभिनव बिंद्रा ने 2008 में बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में गोल्ड जीता था।

नीरज को देशभर से मिल रहे बधाई संदेश
शनिवार को नीरज के पदक जीतने के बाद से ही उनको बधाईयां मिल रही हैं, वो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में हैं। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी नेताओं, खिलाड़ियों, फिल्मी हस्तियों ने उनको बधाई दी है। रणदीप के अलावा अक्षय कुमार, तापसी पन्नू,स्वरा भास्कर, अभिषेक बच्चन, रिचा चड्ढा समेत तमाम सितारे उनको बधाई दे चुके हैं। सोमवार को नीरज देश वापस लौटे हैं, देश लौटने पर उनका काफी भव्य स्वागत भी हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications