रांची हाईकोर्ट से लालू यादव को मिली 6 सप्ताह की अंतरिम बेल
रांची। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को शुक्रवार को रांची हाईकोर्ट ने 6 हफ्ते की अस्थायी बेल दे दी। चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव को यह जमानत मेडिकल के आधार पर दी गई है। गुरुवार को ही लालू यादव को बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी के लिए तीन दिनों की पैरोल दी गई थी। चारा घोटाले में रांची के बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे लालू यादव की तबियत काफी समय से ठीक नहीं चल रही है।
गुरुवार को पटना पहुंचे लालू का पटना एयरपोर्ट पर ही उनकी पार्टी के लोगों और समर्थकों ने स्वागत किया। पुलिस ने उनको वहां से निकालकर गाड़ी तक पहुंचाया। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू याादव रांची से पटना पहुंचे हैं। लालू प्रसाद को 10 मई को दिन के 11 बजे से 14 मई को दिन के 11 बजे तक के लिए पैरोल दी गई है। 12 मई को लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप की शादी पटना में होनी है। शादी के लिए लालू प्रसाद ने पांच दिनों का पैरोल जेल प्रशासन से मांगा था।
लेकिन प्रशासन ने उन्हें तीन दिनों की पैरोल पर रिहा किया था। इसके बाद अब रांची हाईकोर्ट ने उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट के आधार पर 6 सप्ताह की अंतरिम बेल दी है। आपको बता दें कि पिछले दिनों लालू यादव को खराब तबियत की वजह से रांची से दिल्ली लाया गया था। जहां पर वह कई दिनों तक एम्स में भर्ती रहे। इसके बाद उन्हें वापस रांची भेज दिया गया।