हरियाणा के सीएम से बीजेपी आलाकमान नाराज, सीएम खट्टर को अमित शाह ने दिल्ली बुलाया
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के हालात को लेकर दिल्ली में अहम बैठक की।
नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के मामले में जिस तरह से हरियाणा के कई इलाकों में हिंसा फैली। जान-माल का नुकसान हुआ और पूरे मामले में प्रदेश सरकार का लचर रवैया देखने को मिला उसको लेकर हरियाणा पंजाब हाईकोर्ट ने खट्टर सरकार को फटकार लगाई है। वहीं इस पूरे मामले में केंद्र की मोदी सरकार भी खट्टर सरकार की कार्य प्रणाली से नाराज नजर आ रही है। पूरे मामले को लेकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली बुलाया है। संभावना इस बात की भी है कि उनसे इस्तीफा मांगा जा सकता है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के हालात को लेकर दिल्ली में अहम बैठक की। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में उन्होंने हरियाणा बीजेपी के इंचार्ज अनिल जैन से प्रदेश के हालात पर चर्चा की। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली बुलाया गया है। माना यही जा रहा है कि सीएम खट्टर का रवैया पूरे मामले जिस तरह से लचर रहा इससे पार्टी आलाकमान और प्रधानमंत्री मोदी खासे नाराज हैं। माना जा रहा है कि सीएम खट्टर से इस्तीफा मांगा जा सकता है। इससे पहले अमित शाह ने शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और हरियाणा में बिगड़े हालात की चर्चा की थी।
हरियाणा में जिस तरह से राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद हिंसा फैली उसको लेकर हाईकोर्ट ने भी खट्टर सरकार को फटकार लगाई है। कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए हिंसा होने दी। कोर्ट ने आगे कहा कि जिन्होंने नुकसान किया अब उनसे नुकसान की भरपाई करने की बात भी कोर्ट ने कही है।
बता दें कि हरियाणा के पंचकूला में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की विशेष अदालत में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर साध्वी से बलात्कार के मामले में फैसला सुनाया गया। उन्हें दोषी करार दिया गया है। फैसले के बाद हरियाणा-पंजाब के कई इलाके जलना शुरू हो गए। अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। हिंसा की आग दिल्ली और यूपी में भी फैल गई थी।












Click it and Unblock the Notifications