'हां मुझे मुफ्त सिलेंडर मिला था...', सब्जी वाले रामेश्वर के वीडियो से नया मोड़
Rameshwar sabji wala: दिल्ली के जहांगीरपुरी में सब्जी बेचकर अपनी गुजर-बसर करने वाले रामेश्वर हाल ही में उस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जब उन्होंने बताया कि टमाटर सहित दूसरी सब्जियां महंगी होने की वजह से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद रामेश्वर का दूसरा इंटरव्यू सामने आया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मिलने की बात कही। राहुल गांधी से उनकी मुलाकात हुई भी, लेकिन इसके बाद अब रामेश्वर के एक नए वीडियो को लेकर विवाद उठ गया है।

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने रामेश्वर के नए इंटरव्यू से जुड़ी एक वीडियो क्लिप शेयर की है, जिसमें वो बता रहे हैं कि उन्हें केंद्र की मोदी सरकार में आई उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर मिला था। इसके साथ ही इस इंटरव्यू में रामेश्वर ने यह भी कहा कि उन्हें राहुल गांधी या दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार से कोई मदद नहीं मिली है।
अमित मालवीय ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें एक पत्रकार रामेश्वर से पूछ रहे हैं कि क्या उन्हें मोदी सरकार या दिल्ली सरकार की किसी योजना का कोई लाभ मिला? इस पर रामेश्वर जवाब देते हैं, 'हां, मुफ्त गैस सिलेंडर मिला था मुझे।' इसके बाद पत्रकार उनसे पूछते हैं कि क्या दिल्ली सरकार की फ्री बिजली या फ्री पानी योजना का भी उन्हें लाभ मिला है? रामेश्वर ने जवाब देते हुए कहा कि वो किराएदार हैं और उन्हें तो बिल देना पड़ता है।
क्या है सब्जी वाले रामेश्वर की कहानी
आपको बता दें कि बीते दिनों जब रामेश्वर सुबह के वक्त दिल्ली की आजादपुर मंडी में सब्जी खरीदने के लिए गए और वहां से खाली ठेला लेकर लौटे तो 'द लल्लनटॉप' के एक पत्रकार ने उनसे बातचीत की। बातचीत में रामेश्वर ने बताया कि टमाटर और दूसरी सब्जियां बहुत महंगी हैं, इसलिए वो इन्हें खरीदकर आगे नहीं बेच सकते। उन्होंने बताया कि उन्हें डर है कि अगर सब्जियां नहीं बिकीं तो उन्हें घाटा आ जाएगा। अपनी बात कहते हुए रामेश्वर रो पड़े और उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल हो गया।
रामेश्वर संग लंच के बाद राहुल गांधी ने क्या कहा था?
रामेश्वर के इस वीडियो को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित उनकी पार्टी के कई नेताओं ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया। इसके बाद जब राहुल गांधी को पता चला कि रामेश्वर उनसे मिलना चाहते हैं, तो उन्होंने उन्हें अपने घर बुलाया और साथ में खाना खाया। रामेश्वर से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने उनके साथ अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, 'रामेश्वर जी एक जिंदादिल इंसान हैं। उनमें करोड़ों भारतीयों के सहज स्वभाव की झलक दिखती है। विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराते हुए मजबूती से आगे बढ़ने वाले ही सही मायने में 'भारत भाग्य विधाता' हैं।'












Click it and Unblock the Notifications