भारत के वॉरेन बफेट राकेश झुनझुनवाला ने की भविष्यवाणी-साल 2019 में नरेंद्र मोदी फिर से बनेंगे PM'
नई दिल्ली। शेयर मार्केट के बादशाह और भारत के वॉरेन बफेट के नाम से मशहूर राकेश झुनझुनवाला ने मोदी सरकार के लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है। राकेश झुनझुनवाला ने कहा कि साल 2019 में भी मोदी सरकार की ही वापसी होगी, आप मुझसे लिखवा कर ले लो कोई भी मोदी के आगे टिक नहीं पाएगा।

'साल 2019 में नरेंद्र मोदी ही बनेंगे PM'
इकनॉमिक्स टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि शेयर मार्केट की ताजा रिपोर्ट कहती है कि भारत जो भी कर रहा है, उसके सकारात्मक नतीजे आ रहे हैं और आगे भी बहुत ज्यादा आर्थिक लाभ मिलनेवाले हैं, जिससे साफ है कि साल 2019 में बिना कोई शक के मोदी सरकार की वापसी होने वाली है। यह चुनाव व्यक्तित्वों पर होगा और मेरे विचार से मोदी ही वापस पीएम बनेंगे, उनके नेतृत्व में भाजपा ने अच्छा काम किया है।

मोदी सरकार ने किया है अच्छा काम:झुनझुनवाला
शेयर मार्केट की बात करते हुए झुनझुनवाला ने कहा कि सेंसेक्स 4 वर्षों के भीतर 25,000 तक पहुंचा है, मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को जो दिशा दी है, उसे बहुत बड़ी मान्यता मिली है। इससे यह भी पता चलता है कि आगे भी सुधार होंगे और अब तक के सुधारों से भले ही आर्थिक गतिविधियां तात्कालिक तौर पर बाधित हुई हों, लेकिन अंत में इससे बहुत बड़ी आर्थिक वृद्धि हासिल होगी और ये ही मोदी सरकार की सफलता है।

मोदी सरकार के नेतृत्व में विकास दर सुधरी है...
अपने साक्षात्कार में, झुनझुनवाला ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में विकास दर सुधरी है और भारतीय अर्थव्यवस्था की दिशा को बड़े संस्थान से मान्यता मिलना बड़ी बात है। मार्केट भी इसे चुपचाप मान रहा है। इसलिए मेरे हिसाब से इसी सरकार की वापसी होगी और इसमें कोई शक नहीं है।

टाटा एंटरप्राइज के प्रति छलका प्रेम
इसके अलावा राकेश झुनझुनवाला ने अपने टाटा एंटरप्राइज के प्रति प्रेम के बारे में भी दिल खोलकर बात की। उन्होंने कहा कि एन चंद्रशेखर इस कंपनी को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे, सर रतन टाटा और सर जमशेदजी टाटा ने समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने कैंसर के इलाज के लिए अस्पताल खोले , इस्पात संयंत्र, 5 सितारा होटल और सॉफ्टवेयर कंपनी, पावर प्लांट, कार निर्माण संयंत्र, भारतीय विज्ञान संस्थान .. टाटा एंटरप्राइज एक आदर्श मॉडल है। आपको बता दें कि झुनझुनवाला ने अपने शेयरों की पहली सबसे बड़ी कमाई 'टाटा टी' के शेयर बेचकर ही की थी।












Click it and Unblock the Notifications