VIDEO: 107 साल के जनसंघ MLA से मिले राजनाथ, भावुक Bhulai Bhai बोले.....जवान हो गया मिल के
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को यूपी भवन जाकर प्रदेश के दो बार जनसंघ विधायक रहे नारायण उर्फ भुलाई भाई से मुलाकात की है। भाजपा के सबसे उम्रदराज कार्यकर्ता और मौजूदा दौर के सबसे बड़े नेताओं में से राजनाथ सिंह की यह मुलाकात बहुत ही भावुक पल था। इस दौरान भुलाई भाई की आंखें नम हो गईं और उन्होंने कहा कि आज उन्हें लग रहा है कि वह 'जवान हो गए' हैं। भुलाई भाई भाजपा के उन कार्यकर्ताओं में से हैं, जिन्होंने दीन दयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के दौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौर की भारतीय जनता पार्टी तक के बदलाव को जिया है।

भाजपा के 'सबसे' बुजुर्ग कार्यकर्ता से मिले राजनाथ
अगले 1 नवंबर को भुलाई भाई 107 साल के हो जाएंगे। शुक्रवार को उनके जीवन का एक और अहम दिन है। 70 साल पहले विजयादशमी के दिन ही 1952 में उन्होंने भाजपा की पूर्ववर्ती पार्टी जनसंघ को अपनाया था। वे जनसंघ के संस्थापकों पंडित दीन दयाल उपाध्याय और श्माया प्रसाद मुखर्जी के साथ भी काम कर चुके हैं और राजनाथ सिंह से भी लंबे वक्त से जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश से अनुसूचित जाति से आने वाले भुलाई भाई ने रक्षा मंत्री से मुलाकात का वक्त मांगा था और जब उन्हें पता चला कि राजनाथ खुद ही उनसे मिलने आ रहे हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भुलाई भाई उर्फ नारायण कई साल तक राजनाथ के साथ भी पार्टी का काम कर चुके हैं।

जवान हो गया मिल के- भुलाई भाई
भाजपा के इस बुजुर्ग कार्यकर्ता की शख्सियत साधारण नहीं है। ये उत्तर प्रदेश से दो-दो बार जनसंघ के टिकट पर विधायक चुने जा चके हैं। 1974 और 1977 दोनों बार यह एमएलए निर्वाचित हुए थे। जब राजनाथ सिंह ने उनसे मिलकर उन्हें गले लगाया तो भाई की आंखें डबडबा गईं। राजनाथ उनके लिए धोती-कुर्ता और शॉल भी लेकर गए थे। यह सब देखकर भाई बोले कि वह मंत्री से मिलकर जवान महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जवान हो गया मिल के। कृष्ण सुदामा को मिलने आया है।' नारायण भाजपा के सबसे वरिष्ठ जीवित कार्यकर्ताओं में से एक हैं। 2022 के उत्तर प्रदेश चुनाव को देखते हुए यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है और दोनों नेताओं के बीच इस दौरान पार्टी में हुए बदलावों पर भी चर्चा हुई है।
पीएम मोदी ने भी कॉल करके ली थी सेहत की जानकारी
70 वर्षों में उन्होंने अपनी पार्टी में क्या बदलाव देखा है, इसके बारे में भाई ने बताया कि 'हमने पार्टी में परिवर्तन देखा है और यह परिवर्तन अच्छे के लिए हुआ है। हमें भरोसा था कि हम सरकार बनाएंगे।' कोविड की वजह से दूसरा लॉकडाउन लागू होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें कॉल किया था। इसके बाद पीएम मोदी ने देश के सभी नागरिकों से अपील की थी कि वे परिवार के बुजुर्गों का ख्याल रखें। इसका उदाहरण पेश करते हुए उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कॉल करके उनका आशीर्वाद मांगा था और उनकी और उनके परिवारों वालों की सेहत की जानकारी ली थी। भुलाई भाई की विशेषता यही है कि वह दो-दो बार विधानसभा चुनाव जनसंघ के टिकट पर जीत चुके हैं, लेकिन वह उस जमाने से ही पार्टी के लिए 'कार्यकर्ता' की तरह ही समर्पित हैं।












Click it and Unblock the Notifications