राजस्थान: MLA ने कहा- "हां हम हैं गुलाम नेहरू-गांधी परिवार के....." जवाब में BJP बोली-जय हो...... Video
नई दिल्ली, 23 मार्च: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक सलाहकार ने राज्य विधानसभा में जिस तरह से खुद को गर्व के साथ नेहरू-गांधी परिवार का 'गुलाम' बताया है, उसपर विपक्षी बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। इससे भी आपत्तिजनक बयान तो विधायक संयम लोढ़ा ने यह दिया है कि 'भारत का निर्माण नेहरू-गांधी परिवार' ने किया है। बीजेपी जयपुर से लेकर दिल्ली तक इस मुद्दे को उठा रही है और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तक को लपेटने की कोशिश में जुटी है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार के बयान पर बवाल
राजस्थान विधानसभा में विधायक संयम लोढ़ा का एक बयान सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह गर्व से कह रहे हैं कि वे गांधी-नेहरू परिवार के 'गुलाम' हैं और आखिरी दम तक उनकी गुलामी करते रहेंगे। बीजेपी ने उन्हें उसी समय से आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है। खास बात ये है कि लोढ़ा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकारों में से एक हैं। लेकिन, उन्होंने खुद को कांग्रेस की फर्स्ट फैमिली का 'गुलाम' कबूल करके प्रदेश की राजनीति में गर्मी ला दी है। उनका यह वीडियो बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर जारी किया है और सीधे पांच राज्यों में करारी हार से परेशान कांग्रेस नेतृत्व पर प्रहार किया है।

"हां हम हैं गुलाम नेहरु-गांधी परिवार के....."
वीडियो से पता चल रहा है कि राजस्थान विधानसभा में संयम लोढ़ा बहुत ही इत्मिनान और गर्व के साथ कह रहे हैं, "....तो ये कहा कि ये तो गांधी-नेहरू परिवार के गुलाम हैं। हां हम हैं गुलाम और जबतक हमारे शरीर में सांस है हम गुलामी करेंगे....क्योंकि इस देश का निर्माण नेहरू-गांधी परिवार ने किया है...." उनका इतना कहना था कि भाजपा वहीं से हमलावर हो गई। विपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने फौरन उठकर कहा, "हे गुलामों...ये नई संस्कृति आई है...आपको बधाई हो गुलामी के लिए। ये गुलाम हैं.....जय हो गुलामों!!!" इस दौरान आसन से लगातार सदस्यों से बैठने का आग्रह किया जाने लगा।

लोढ़ा के विवादित बयान पर बढ़ेगी कांग्रेस की मुश्किल!
गौरतलब है कि संयम लोढ़ा निर्दलीय विधायक हैं, लेकिन गहलोत सरकार ने सलाहकार बनाकर उन्हें सत्ता के गलियारे में पद दे रखा है। वह तीन बार राजस्थान के सिरोही विधानसभा सीट से चुने जा चुके हैं। लेकिन, जिस तरह से उन्होंने आजाद देश में खुद को किसी का 'गुलाम' बताया है, वह हैरान करने वाला है। उन्होंने यह बयान हरिदेव जोशी यूनिवर्सिटी ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (अमेंडमेंट) बिल, 2022 पर बहस के दौरान ये विवादास्पद बयान दिया है। गौरतलब है कि पांच राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस में अभी तक मंथन का दौर जारी है। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद एक-एक कर जी-23 के असंतुष्ट नेताओं से मिल रही हैं। हालांकि, पार्टी में परिवार के करीबियों ने साफ कह दिया है कि गांधी-नेहरू परिवार के बिना कांग्रेस का भविष्य नहीं है, लेकिन पहली बार पार्टी आलाकमान असंतुष्टों की राय सुनने को भी मजबूर दिख रहा है। (संयम लोढ़ा की तस्वीर उनके ट्विटर हैंडल के सौजन्य से)
'एक बार फिर सोनिया/राहुल/इंदिरा इज इंडिया?'
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने ट्विटर पर यह वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा है, 'क्या भारत का निर्माण नेहरू-गांधी परिवार ने किया है?' एक बार फिर सोनिया/राहुल/इंदिरा इज इंडिया?' कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की पतली हालत पर कहा है कि बीजेपी से मुकाबले के लिए कांग्रेस को नई रणनीति की जरूरत है, क्योंकि पुरानी रणनीति बेकार हो चुकी है। ऐसे में 'गुलाम' वाली मानसिकता का तोड़ निकालना भी उनके लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications