पेट्रोल के बढ़ते दाम पर बोले राजस्थान के मंत्री- जनता खर्च कम करे
पेट्रोल के दाम पर बोले राजस्थान के मंत्री-सरकार के बहुत खर्च हैं
नई दिल्ली। राजस्थान सरकार में मंत्री राजकुमार रिणवा ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और इसको लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर कहा है कि जनता समझ नहीं रही है, सरकार के भी खर्च बहुत हैं। अगर दाम बढ़ रहे हैं तो लोग खर्च कम कर दें। वसुंधरा राजे सरकार के मंत्री राजकुमार रिणवा कहा कि जब कच्चे तेल के दाम बढ़ रहे हैं तो जनता खर्च कम क्यों नहीं करती है? जनता को खपत कम कर देनी चाहिए। अन्य देशों में जब किसी चीज के भाव बढ़ते हैं तो अपने आप खपत कम हो जाती है। हमारे यहां ऐसा नहीं होता।

बाढ़ में मुआवजे का भी खर्च है: रिणवा
रिणवा ने कहा, 'वर्ल्ड मार्केट में जो क्रूड का दाम होता है, उसी हिसाब से चलता है। सरकार कोशिश कर रही है। इतना खर्च है, बाढ़ में चारों और इतना मुआवजा दिया है। जनता समझ नहीं है कि क्रूड के दाम बढ़ गए हैं तो कुछ खर्च कम कर दे। इससे दामों में अपने आप ही कमी आ जाएगी।' रिणवा के बयान पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि भाजपा नेता जनता की जरूरतों का मजाक उड़ा रहे हैं, इस तरह के बयान उनके घमंड को दिखाता है।

राजस्थान सरकार ने वैट घटाया
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को पेट्रोल और डीजल पर वैट को चार-चार प्रतिशत कम करने की घोषणा की है। इसके तहत राज्य में वैट पेट्रोल पर 30 से घटाकर 26 प्रतिशत और डीजल पर 22 से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राज्य की आम जनता को राहत देने के लिए उनकी सरकार ने ये कदम उठाया है।

बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस का भारत बंद
सोमवार को कांग्रेस ने देशभर में पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में भारत बंद बुलाया है बंद में विपक्ष की कई पार्टियां शामिल हैं। बंद के देशभर में असर देखने को मिल रहा है। कई शहरों से तोड़फोड़ और आगजनी की भी खबरें मिल रही हैं। बिहार से हिंसा की खबरें आई हैं। बता दें कि पिछले कई दिनों से पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी जारी है। पेट्रोल-डीजल के दाम में सोमवार को फिर इजाफा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications