राजा पटैरिया ने पीएम मोदी पर दिए बयान पर दी सफाई, संबित पात्रा ने सोनिया गांधी को घेरा
कांग्रेस नेता राजा पटैरिया ने अपने बयान पर दी सफाई तो संबित पात्रा ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यही उनका असली चेहरा है।

पूर्व मंत्री राजा पटैरिया ने जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था, उसको लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर हमलावर है। जिस तरह से भाजपा ने पटैरिया के बयान पर कांग्रेस को घेरा उसके बाद अब राज पटैरिया को अपने बयान पर सफाई देनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि मेरा मतलब पीएम मोदी की हत्या नहीं बल्कि उनको चुनाव में हराना था। लेकिन पटैरिया के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यही कांग्रेस का असली चरित्र है।
पटैरिया के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राजा पटैरिया को सोनिया गांधी के काफी करीबी के तौर पर जाना जाता है, ऐसे में इतना बड़ा नेता इस तरह के शब्द का प्रयोग करता है तो यह ऐसे ही नहीं होता है, हो सकता है कि उन्होंने कहीं यह सुना होगा, मुझे नहीं लगता है कि बिना सहमति के कोई इस तरह की बात कर सकता है। एक बार, दो बार नहीं बल्कि सौ बार प्रधानमंत्री मोदी के लिए गालियों का इस्तेमाल किया गया। आप ने उन्हें रावण कहा, नीच कहा, औकात दिखाने की बात कही, यह सब गालियों की श्रेणी में आता है, लेकिन हत्या गाली की श्रेणी में नहीं आता है। यह षड़यंत्र की श्रेणी में आता है।
संबित पात्रा ने कहा कि हो सकता है कि राजा पटैरिया ने जो कहा वह ऐसे ही कह दिया हो। लेकिन करोड़ों लोग इस वीडियो को देखेंगे, कई लोग उनके भाषण को सुन रहे थे। अल्पसंख्यकों में उन्माद फैलाने की कोशिश, नरेंद्र मोदी की हत्या होनी चाहिए, यह एक वाक्य नहीं बल्कि एक विचार है। इसको एक वाक्य के रूप में मत देखिए, सोचिए अगर उनकी बात को सुनकर कोई सनक जाए और कहे पटेरिया जी ने कहा मैं करके दिखाउंगा। ऐसे बहुत से लोग हैं जो बंदूक उठाकर करने को तैयार हो जाएंगे। ऐसे में क्या माहौल होगा, देश में लोकतंत्र किस तरह से चलेगा। संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री की हत्या कर देनी चाहिए, इससे खराब वाक्य नहीं हो सकता है। राजा पटैरिया गांधी परिवार के अति निकटतम व्यक्ति में से एक हैं। कम से कम पटैरिया के बयान पर सफाई नहीं देनी चाहिए थी।
कांग्रेस नेता अभय दुबे ने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, हिंसात्मक शब्दावली की हम निंदा करते हैं। हम तो उस विरासत के लोग हैं जो शाब्दिक हिंसा को भी नहीं स्वीकार करते हैं। पटेरिया की यह भाषा को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। गुजरात के जय भाई पटेल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जय भाई पटेल ने राहुल गांधी की हत्या की कोशिश की थी। मैं पीएम से पूछना चाहता हूं कि मर्यादा को लांगने का क्रम किसने शुरू किया। 2004 में आपने सोनिया जी के लिए जर्सी गाय और राहुल के लिए हाइब्रिड बछड़ा कहा था। सोनिया को कांग्रेस की विधवा, शशि थरूर की पत्नी को 50 करोड़ की गर्लफ्रैंड कहा था। पटेरिया के खिलाफ केस दर्ज हुआ है,न्यायपालिका यह तय करे उन्होंने जो कहा उसके पीछे उनकी क्या मंशा थी। कांग्रेस पार्टी ने उनके बयान को गंभीरता से लिया है। अनुशासन कमेटी इसपर अपना फैसला लेगी। हम लोग इस बात को आसानी से स्वीकार करने वाले नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications