जानिए क्या है भारतीय रेलवे का 'श्रेष्ठ'
नयी दिल्ली। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने आज संसद में वर्ष 2016-17 का रेल बजट प्रस्तुत करते हुए एक शोध और विकास संगठन- स्पेशल रेलवे इस्टेब्लिसमेंट फॉर स्ट्रेटेजिक टेक्नोलॉजी एंड हॉलिस्टिक एडवांसमेंट (श्रेष्ठ) का गठन करने का प्रस्ताव किया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान, अभिकल्प एवं मानक संगठन अब केवल रोजमर्रा के मामलों पर ही ध्यान केन्द्रित करेगा, जबकि श्रेष्ठ का लक्ष्य दीर्घकालिक शोध करना होगा। 'श्रेष्ठ' का प्रधान एक प्रख्यात वैज्ञानिक होगा, जो सीधे अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट करेगा, जिसमें वैज्ञानिक और सीमित संख्या में रेलवे के विशेषज्ञ होंगे।

रेल मंत्री ने कहा कि अपने ग्राहकों को गुणवत्तापरक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेलों के पास अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का होना आवश्यक है। हाई स्पीड रेल, हैवी हॉल, रोलिंग स्टॉक तथा सिगनल प्रणाली जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में भारतीय रेलवे के लिए दुनिया की सर्वोत्तम प्रणालियों से सहयोग प्राप्त करना अपेक्षित हो गया है। अल्पावधि में इन क्षेत्रों में स्वदेशी क्षमता के विकास के लिए हमने कुछ बेहतरीन रेलों के साथ भागीदारी की है। महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग को एक संस्थागत रूप देने तथा इससे आगे बढ़ाने के लिए सरकार, फॉरेन रेल टेक्नॉलोजी को-ऑपरेशन स्कीम (एफआरटीसीएस) को स्थापित करने का कार्य कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications