राहुल वोहरा के हॉस्पिटल का आखिरी वीडियो पत्नी ने किया शेयर, छूटती सांसों से बता रहे थे दर्दनाक हालात
राहुल वोहरा के हॉस्पिटल का आखिरी वीडियो पत्नी ने किया शेयर, छूटती सांसों से बता रहे थे दर्दनाक हालात
नई दिल्ली, 10 मई: एक्टर और थियेटर आर्टिस्ट राहुल वोहरा का रविवार (09 मई) को कोरोना वायरस से निधन हो गया है। 35 वर्षीय राहुल वोहरा ने दिल्ली के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। अपनी मौत से पहले आखिर समय तक राहुल वोहरा अपने इलाज के लिए लोगों से फेसबुक और ट्विटर पर मदद मांग रहे थे। राहुल ने अपनी आखिरी फेसबुक पोस्ट शनिवार (08 मई) को की थी। फेसबुक पोस्ट में राहुल ने लिखा था, ''मुझे भी अच्छा ट्रीटमेंट मिल जाता तो मैं भी बच जाता तुम्हारा राहुल वोहरा। जल्द जन्म लूंगा और अच्छा काम करूंगा। अब हिम्मत हार चुका हूं।'' राहुल वोहरा के अस्पताल का आखिरी वीडियो उनकी पत्नी ज्योति तिवारी ने शेयर किया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि राहुल को ऑक्सीजन ना मिलने पर कैसे उनकी सांसे टूट रही हैं और उनका दम घुट रहा है।

पत्नी ने लिखा, मेरा राहुल तो चला गया, आपका नहीं जाना चाहिए
राहुल वोहरा और ज्योति तिवारी की शादी को अभी 6 महीने भी पूरे नहीं हुए थे। राहुल की ज्योति तिवारी ने राहुल का वीडियो शेयर कर लिखा, ''हर राहुल के लिए इंसाफ की मांग कीजिए, मेरा राहुल चला गया ये सबको पता है पर कैसे गया ये किसी को नहीं पता है। राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ताहिरपुर दिल्ली में इस तरह से इलाज किया जाता है। उम्मीद करती हूं मेरे पति को इंसाफ मिलेगा। एक और राहुल इस दुनिया से नहीं जाना चाहिए।''

राहुल वोहरा अस्पताल के आखिरी वीडियो में बिना ऑक्सीजन के हांफते दिखें
राहुल वोहरा की पत्नी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें राहुल ऑक्सीजन मास्क हाथ में लिए दिख रहे हैं। वीडियो में राहुल हांफते हुए कह रहे हैं, ''इसकी बहुत कीमत है आज के वक्त पर, बिना इसके (ऑक्सीजन मास्क) मरीज छटपटाने लगता है। लेकिन इसमें से कुछ नहीं आता, कुछ भी नहीं आ रहा है। जब स्टाफ को बुलाओ तो वह काफी देर से आते हैं, सुनते नहीं है। एक-दो घंटे बाद आते हैं और फिर चले जाते हैं। तब तक आपको खुद ही मैनेज करना पड़ता है सबकुछ। कभी पानी छिड़को, और कभी इसको लगाओ...।''

'अच्छा ट्रीटमेंट मिल जाता तो, मैं भी बच जाता, तुम्हारा राहुल वोहरा'
राहुल ने 08 मई को फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा, ''मुझे भी अच्छा ट्रीटमेंट मिल जाता तो मैं भी बच जाता तुम्हारा राहुल वोहरा।'' इसके बाद राहुल ने मदद के लिए अपना पहचान बताया। (नाम- राहुल वोहरा, उम्र -35, अस्पताल का नाम -राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ताहिरपुर, दिल्ली, बेड नंबर -6554 मंजिल -6, बी विंग, एचडीयू) राहुल ने अपने पोस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मंत्री मनीष सिसोदिया को टैग भी किया है। पोस्ट के अंत में राहुल ने लिखा है,'जल्द जन्म लूंगा और अच्छा काम करूंगा। अब हिम्मत हार चुका हूं।'












Click it and Unblock the Notifications