राहुल गांधी ने ममता बनर्जी को चिट्ठी लिख कोलकाता रैली के दिया समर्थन
नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चिट्ठी लिख उनकी शनिवार को मोदी सरकार के खिलाफ कोलकाता में होने वाली मैगा रैली के लिए समर्थन दिया है। ममता बनर्जी की ये रैली शनिवार को होने वाली है। लोकसभा चुनाव से पहले होने वाली इस रैली को भाजपा के खिलाफ विपक्षी पार्टियों के एकजुट होने के तौर पर भी देखा जा रहा है।

राहुल ने ममता को शुक्रवार को चिट्ठी लिखकर कहा कि मैं ममता दी अपना समर्थन देता हूं और उम्मीद करता हूं कि हम भारत को एकजुटता का एक मजबूत संदेश देंगे। राहुल ने चिट्ठी में आगे लिखा कि पूरा विपक्ष इस विश्वास के प्रति एकजुट है कि सच्चे राष्ट्रवाद और विकास की रक्षा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता जैसे उन मूल्यों के आधार पर करनी है जिनको भाजपा और पीएम मोदी नष्ट कर रहे हैं।
राहुल ने कहा कि लाखों भारतीयों मोदी सरकार के खिलाफ गुस्से में हैं क्योंकि मोदी सरकार ने उनसे कई झूठ और फर्जी वादे किए। उन्होंने आगे कहा कि इन ताकतो को एक नए कल की आशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। ये एक ऐसा भारत होगा, जिसमें प्रत्येक पुरुष, महिला और बच्चे की आवाज सुनी जाएगी और और उनका सम्मान किया जाएगा, चाहे उनका धर्म, आर्थिक स्थिति या क्षेत्र कोई भी हो।
टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले बीजेपी के लिए ये रैली मृत्यु-नाद की मुनादी होगी और क्षेत्रीय पार्टिया निर्णायक भूमिका अदा करेंगी। ममता की इस रैली में देश भर से क्षेत्रीय दलों के नेता भाग लेंगे। कांग्रेस की तरफ से लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकाजुर्न खडगे रैली में शामिल होंगे।
ममता बनर्जी की इस रैली में पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, एच कुमारस्वामी, एन चंद्रबाबू नायडू, अखिलेश यादव, फारूक अब्दुल्ला उनके बेटे उमर अब्दुल्ला, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, एम के स्टालिन, शरद पवार, चौधरी अजीत सिंह, अरविंद केजरीवाल, यशवंत सिन्हा,अरुण शौरी और हार्दिक पटेल शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications