मैं हाशिये पर खड़े शख्स के साथ, उसकी जाति-धर्म मेरे लिए अहम नहीं: राहुल गांधी
Recommended Video

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि वो समाज के शोषित तबके के साथ खड़े हैं, चाहे वो किसी भी धर्म या जाति का हो। राहुल ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, 'मैं समाज में अंतिम पायदान पर खड़े आदमी के साथ हूं। मैं उसके साथ हूं जो शोषित है, सताया हुआ है, हाशिये पर है। उस शख्स की जाति और धर्म मेरे लिए अहमियत नहीं रखता है। मैं दर्द का सामना कर रहे लोगों को गले लगाकर उनकी नफरत और डर मिटाता हूं। मैं सभी से प्यार करता हू, मैं कांग्रेस हूं।'

हाल ही में राहुल गांधी के कुछ मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ मुलाकात के बाद एक उर्दू अखबार के बीते हफ्ते लिखा था कि राहुल गांधी ने कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी बताया है। जिसके बाद लगातार भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस तुष्टिकरण और सांप्रदायिकता की राजनीति करती है। केंद्रीय मंत्रियों और प्रधानमंत्री के इसको लेकर बोलने के बाद राहुल गांधी का ये ट्वीट आया है।
सोमवार को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि कांग्रेस मुस्लिमों के तुष्टिकरण की राजनीति करती है, इसको लेकर उसकी कलई खुल गई है। जावड़ेकर ने कहा कि राहुल खुद कहते हैं कि कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है और उनकी पार्टी के नेता कहते हैं भाजपा की जीत से भारत हिन्दू पाकिस्तान बन जाएगा। ये कांग्रेस की सोच को दिखाता है।
जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति करके देश का बहुत नुकसान किया है। 1984 का नरसंहार हो, भागलपुर दंगे हो या शाहबानो केस जिसमें किस प्रकार से कांग्रेस पार्टी ने एक सांप्रदायिक सोच के आगे आत्मसमर्पण कर संविधान ही बदल डाला था। ये सब दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी एक घोर सांप्रदायिक पार्टी है।












Click it and Unblock the Notifications