राहुल गांधी की इफ्तार पार्टी में पीएम मोदी के फिटनेस चैलेंज का उड़ा मजाक
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी ने पहली बार इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिटनेस वीडियो का जमकर मजाक उड़ा। दरअसल पीएम मोदी ने बुधवार को 'फिटनेस चैलेंज' के तहत अपना वीडियो जारी किया था। जिसकी चर्चा राहुल की पार्टी में हुई। इस दौरान कई नेताओं पीएम मोदी के वीडियो पर ठहाके लगाते नजर आए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिटनेस वीडियो को 'विचित्र' और 'हास्यास्पद' बताया। साथ ही कहा कि यह मानसिक दिवालियापन है।

यह मानसिक दिवालियापन है
राहुल ने अपनी टेबल पर बैठे एक मेहमान से पूछा-आपने पीएम का फिटनेस वीडियो देखा, फिर कुछ देर रुककर खुद ही बोले- यह(वीडियो) बहुत ही अजीब है। यह मानसिक दिवालियापन है।' इस दौरान उस टेबल पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रतिभा पाटिल भी मौजूद थीं, इसके बाद राहुल ने हंसते हुए सीताराम येचुरी से पूछा- आपने भी अपना फिटनेस वीडियो बनाया? जिस पर येचुरी फिर जोर से हंस पड़े।

वीडियो पर नेताओं ने जमकर लगाए ठहाके
इस पर टीएमसी नेता दिनेश त्रिवेदी, बीएसपी नेता सतीश चंद्र मिश्रा और डीएमके नेता कनीमोझी खिलखिलाकर हंस पड़े। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रतिभा पाटिल और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी चुपचाप इस बातचीत को सुन रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की इफ्तार पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भी शामिल थे। यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी इन दिनों विदेशी दौरे पर होने की वजह से इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं।

तेजस्वी यादव नहीं हुए शामिल
जबकि राजद के नेता इस पार्टी में इस लिए शामिल नहीं हो पाए क्योंकि बुधवार को ही तेजस्वी यादव ने पटना में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। राहुल की इफ्तार पार्टी में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रतिभा पाटिल और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के अलावा सीपीएम नेता सीताराम येचुरी समेत लेफ्ट के कई नेता शामिल हुए। पार्टी में कांग्रेस से गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, राजीव शुक्ला, शीला दीक्षित पार्टी पहुंचे। वहीं, जेडीयू के पूर्व नेता शरद यादव, टीएमसी के दिनेश त्रिवेदी, एनसीपी के डीपी त्रिपाठी, आरजेडी के मनोज झा, बीएसपी के सतीश चंद्र मिश्रा, डीएमके के कनिमोझी, एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल, जेएमएम के हेमंत सोरेन, आरएलडी के डॉ. मिराजदुद्दीन, जेडीएस के दानिश अली मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications