'मोदी के हाथ से चुनाव निकल रहा है, 15 अगस्त को शुरू करेंगे हम ये काम', राहुल गांधी ने कर दिया बड़ा वादा
देश में लोकसभा चुनाव के तीन चरणों की वोटिंग हो चुकी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के युवाओं के रोजगार को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल ने कहा कि अगर वो सत्ता में आते हैं तो भारत सरकार 15 अगस्त तक विभिन्न सरकारी विभागों में 30 लाख रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर देगी।
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के झूठे प्रचार से भी लोगों को सावधान रहने की हिदायत दे डाली है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के हाथ से चुनाव निकल रहा है। वह दुबारा पीएम नहीं बनेंगे।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो मैसेज ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा, "देश की शक्ति देश के युवा... नरेंद्र मोदी के हाथ से चुनाव निकल रहा है। वो स्लिप कर रहे हैं। वह हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।
उन्होंने ने यह फैसला ले लिया है कि अगले 4-5 दिन में आपके ध्यान को भटकाना है। कुछ न कुछ ड्रामा करना है। आपके ध्यान को भटकना नहीं चाहिए। बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। नरेंद्र मोदी जी ने आपको कहा था कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे।
उन्होंने झूठ बोला, नोटबंदी की, गलत जीएसटी लागू किया और सारा का सारा काम अडानी जैसे लोगों के लिए किया है। हम भर्ती भरोसा स्कीम ला रहे हैं। 4 जून को INDI गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।15 अगस्त तक भर्ती भरोसा स्कीम में 30 लाख युवाओं को रोजगार देने का काम शुरू हो जाएगा।"
आपको बता दें कि राहुल गांधी ने फिर से एक बार अडानी पर टिप्पणी की है। इसे लेकर पीएम मोदी ने उन पर तंज भी कसा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना में अचानक देश के बड़े उद्योगपति अंबानी-अडानी का मुद्दा छेड़ दिया था।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल पूछा कि अक्सर अंबानी और अडानी के नाम लेकर सरकार को घेरने वाले राहुल गांधी चुनाव के बीच अचानक चुप क्यों हो गए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उद्योगपतियों से पैसे मिलने के बाद चुप्पी साध ली है।
उन्होंने कड़े शब्दों में पूछा कि चुनाव में अंबानी-अडानी से कितना माल उठाया है? काले धन के कितने बोरे मिले हैं? ऐसी कौन सी डील हुई कि राहुल ने अंबानी-अडानी को गाली बंद कर दी?












Click it and Unblock the Notifications