पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज टैक्स से सरकार की कमाई बढ़ी, राहुल बोले- 'जेबकतरों से रहें सावधान'
नई दिल्ली, 01 नवंबर: मनमोहन सिंह की सरकार में महंगाई का मुद्दा बीजेपी ने जोर-शोर से उठाया था। साथ ही इसी वादे के साथ वो सत्ता में वापस आई कि महंगाई पर लगाम लगेगी, लेकिन अब सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। 80 रुपये के करीब बिकने वाला पेट्रोल कई शहरों में 120 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है, जबकि डीजल 105 रुपये के करीब है। इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने एक मीडिया रिपोर्ट ट्विटर पर साझा की, जिसमें बताया गया कि एक्साइज टैक्स से सरकार की कमाई बढ़ गई है। इस वजह से कई शहरों में पेट्रोल 120 रुपये पहुंच गया। उसी का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए राहुल ने लिखा कि जेबकतरों से सावधान! #TaxExtortion। कुछ दिनों पहले भी उन्होंने इसी तरह की रिपोर्ट शेयर की थी, जिसमें बताया गया कि दिल्ली में पेट्रोल 108 रुपये के पार है। उस पर राहुल ने लिखा कि ये किस एंगल से अच्छे दिन हैं।
हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोलियम उत्पादों के एक्साइज टैक्स से सरकार का काफी मुनाफा हो रहा है। इस साल की पहली छमाही से पिछले साल की समान अवधि की तुलना करें तो ये 33 प्रतिशत बढ़कर 1.71 लाख करोड़ रुपये हो गया है। अगर कोरोना के पहले के आंकड़ों को देखा जाए, तो एक्साइज कलेक्शन में 79 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मंत्री नहीं दे पाए जवाब
वहीं सोमवार को केंद्रीय श्रम, पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री रामेश्वर तेली कानपुर पहुंचे। वहां पर जब वो श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड वितरित कर रहे थे, तभी मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछ लिया कि कब पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम होंगे। इस पर वो कोई जवाब नहीं दे पाए। उनके अलावा केंद्र सरकार भी इस मामले में पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।












Click it and Unblock the Notifications