वायनाड में बोले राहुल गांधी- धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र चाहने वाले लोग ही करते हैं भेदभाव
नई दिल्ली, 16 अगस्त: जम्मू-कश्मीर से लौटे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी सोमवार को केरल के दौरे पर पहुंचे। वो वहां पर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में 3 दिन बिताएंगे। इस दौरे के दौरान 17 अगस्त को राहुल कलपेट्टा जिला कलेक्टर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वो करासेरी में पंचायत किसान दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए स्थानीय कांग्रेस नेता भी काफी सक्रिय हैं।
Recommended Video

दौरे के पहले दिन राहुल ने मनांथावडी के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की सबसे ताकतवर बात ये थी कि उन्होंने जो कुछ भी कहा, उस पर अमल किया। अगर उन्होंने कहा कि भारत को एक सहिष्णु देश होना चाहिए तो उन्होंने सहिष्णु तरीके से व्यवहार किया। अगर उन्होंने कहा कि भारत को अपनी महिलाओं का सम्मान करना चाहिए, तो उन्होंने महिलाओं का सम्मान किया।
राहुल ने आगे कहा कि आज मैं ऐसे बहुत से लोगों को जानता हूं, जो कहते हैं कि वे एक ऐसा देश चाहते हैं जो निष्पक्ष हो, लेकिन वो खुद दूसरों के साथ गलत व्यवहार करते हैं। वे कहते हैं कि वो ऐसा भारत चाहते हैं जो महिलाओं का सम्मान करे, लेकिन खुद महिलाओं का अपमान करते हैं। वे कहते हैं कि वो एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र चाहते हैं लेकिन वो खुद धर्मों को अलग तरह से देखते हैं। राहुल के मुताबिक सभी लोगों को ऐसा करने से बचना चाहिए।
पेयजल योजना का उद्घाटन
वहीं राहुल गांधी ने वायनाड में पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यहां के 42 परिवार बहुत समय से पीने के पानी के लिए तरस रहे थे। आज मैं खुश हूं कि इन परिवारों को संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के द्वारा पीने के पानी मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वो क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications