चंद्रयान-3 की सफलता पर राहुल गांधी ने ISRO को दी बधाई, कांग्रेस ने दिलाई पं नेहरू की याद
चांद पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिग से पूरा देश गौरवान्वित है। इसरो के वैज्ञानिकों को पूरे देश और दुनिया से बधाईयां मिल रही है। हर कोई इसरो की सफलता का जश्न मना रहा है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने इस कामयाबी पर इसको को बधाई दी है।
वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।

कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि, चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर ISRO सहित सभी देशवासियों को बधाई। भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान की आवश्यकता को देखते हुए ही पंडित नेहरू ने ISRO की नींव रखी थी। यह उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज भारत पूरे विश्व में अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चंद्रयान की सफलता को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, '1962 में शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज चंद्रयान 3 के रूप में एक नई ऊंचाई तय की। पूरा देश आज भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की इस गौरवशाली यात्रा पर गर्व महसूस कर रहा है। सभी देशवासियों के लिए खुशी का क्षण है। सभी वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं। जय हिन्द। जय भारत।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में कहा, 'आज हम जो सफलता देख रहे हैं वो एक सामूहिक संकल्प, एक सामूहिक कामकाज है, एक सामूहिक टीम के प्रयास का नतीज़ा है। यह सिस्टम का नतीजा है, एक व्यक्ति का नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications