क्या Rahul Gandhi 12 तुगलक लेन के सांसद बंगले में वापस जाएंगे? ऑफर पर 8 दिनों में देना होगा जवाब
Rahul Gandhi की सांसदी दोबारा बहाल हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद वापस मिली लोक सभा सदस्यता कांग्रेस के लिए एनर्जी बूस्टर का काम कर रही है। इसी बीच उन्हें पुराना बंगला दोबारा आवंटित किए जाने की खबर है।
कब खाली किया था बंगला
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, राहुल गांधी को दिल्ली में एक सांसद के तौर पर बंगला आवंटित किए जाने की आधिकारिक पुष्टि इस्टेट ऑफिस से हो गई है। राहुल ने बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद 22 अप्रैल को घर खाली कर दिया था।

राहुल को आठ दिनों में जवाब देना होगा
कांग्रेस सूत्र के अनुसार, फिलहाल राहुल गांधी को उनके पहले वाले आवास 12, तुगलक लेन में ही रहने का ऑफर मिला है। रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल को आवास की पेशकश पर 8 दिनों में जवाब देना होगा।
12 तुगलक लेन पर 'वापसी' का फैसला अभी नहीं!
राहुल को सांसद बंगला वापस मिलने की खबरों के मुताबिक इस्टेट ऑफिस से 12 तुगलक लेन वाले बंगले के ऑफर पर कांग्रेस सांसद ने अभी तक फैसला नहीं लिया है। कांग्रेस सांसद के पास इसका जवाब देने के लिए 8 दिन का समय है।
136 दिनों बाद दोबारा सांसद बने राहुल
बता दें कि 24 मार्च को छिनी लोक सभा सांसदी राहुल को 136 दिनों के बाद, 7 अगस्त को वापस मिली। गत शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बाद राहुल गांधी सोमवार को संसद पहुंचे। आपराधिक मानहानि मामले में राहुल को दो साल की जेल हुई थी।
किस मामले में 'फंसे' हैं राहुल गांधी
सूरत की सेशंस कोर्ट से मिली सजा के बाद राहुल ने सूरत की निचली अदालत और गुजरात हाईकोर्ट में सजामुक्ति की अपील की थी, लेकिन उन्हें गुजरात की अदालतों से राहत नहीं मिली थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल की सजा पर तीन जजों की पीठ ने रोक लगा दी।
राहुल 2019 में 'अमेठी गंवाकर' केरल से जीते
सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद राहुल गांधी बतौर सांसद संसद के मॉनसून सेशन के आखिरी हफ्ते में लोक सभा पहुंचे। बता दें कि उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट पर मिली मात के बाद राहुल 2019 में केरल की वायनाड लोक सभा सीट से सांसद हैं।












Click it and Unblock the Notifications