'लगता है रघुराम राजन राजनेता बन गए हैं, उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए', RBI के पूर्व गवर्नर पर रेल मंत्री का तंज
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीते शनिवार को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन पर जोरदार तंज कसा। उन्होंने रघुराम राजन को राजनेता करार दिया और कहा कि पीछे से किसी ओर के लिए काम कर रहे हैं। अश्विनी वैष्णव की यह टिप्पणी रघुराम राजन के उस कथित बयान को लेकर आई जिसमें पूर्व आरबीआई गर्वनर ने कहा था कि भारत प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना के तहत मोबाइल फोन का निर्माण नहीं कर रहा है, बल्कि केवल उन्हें असेंबल कर रहा है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जब अच्छे अर्थशास्त्री राजनेता बन जाते हैं, तो वे अपनी आर्थिक समझ खो देते हैं। रघुराम राजन राजनेता बन गए हैं। अब उन्हें खुलकर सामने आना चाहिए, चुनाव लड़ना चाहिए, चुनाव कराना चाहिए और राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। शैडोबॉक्सिंग करना कोई अच्छी बात नहीं है। वह किसी और की ओर से शैडो-बॉक्सिंग करने की कोशिश कर रहा है।

पूर्व आरबीआई गवर्नर के बयान पर पलटवार करते हुए वैष्णव ने कहा कि हर देश चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रॉनिक्स का विनिर्माण शुरू करता है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भारत अगले दो वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में 30 प्रतिशत से अधिक वैल्यू एडिशन हासिल करेगा और तीन कंपनियां जल्द ही दुनिया के लिए महत्वपूर्ण मोबाइल फोन घटकों का निर्माण करेंगी।
बता दें कि पूर्व आरबीआई गवर्नर पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक फैली राष्ट्रव्यापी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजस्थान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कुछ समय के लिए शामिल हुए थे। देशव्यापी मार्च के बीच गांधी ने वरिष्ठ अर्थशास्त्री का इंटरव्यू भी लिया था।












Click it and Unblock the Notifications