Puri Lok Sabha Hot Seat: क्या BJD के किले में सेंध लगा पाएगी BJP?
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दो चरणों के मतदान हो चुके हैं। अब 5 अन्य चरणों के मतदान होने शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। ओडिशा में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरणों में मतदान होगा। ओडिशा की सबसे हॉट सीटों में से एक है पुरी लोकसभा सीट। इसे बीजेडी की सुरक्षित सीट में गिना जाता है। यहां बीजेपी और बीजेडी की सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।
बीजेपी ने इस सीट पर एक बार फिर राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा पर भरोसा जताया है और चुनावी रण में उतारा है। वहीं, बीजू जनता दल (बीजेडी)ने बीजेपी की रणनीतियों को देखते हुए अपना उम्मीदवार बदला है। डॉक्टर संबित पात्रा के सामने पूर्व आईपीएस और मुंबई के कमिश्नर रह चुके अरूप पटनायक को टिकट दिया है। आइए जानते हैं क्या भेद सकेगी बीजेडी का किला?

पिछले 2019 के नतीजों पर नजर डालेंगे तो, चौंकाने वाला परिणाम सामने आएगा। यहां बीजेपी के तेज-तर्रार प्रवक्ता संबित पात्रा मामूली अंतर से हार गए थे। वहीं, बीजेडी की पिनाकी मिश्रा ने लगातार तीसरी बार अपनी जीत का इतिहास कायम रखा। 1952 से 1996 तक पुरी लोकसभा सीट का इतिहास बदलता रहा। किसी एक पार्टी का इस सीट पर कब्जा नहीं रहा। कभी कांग्रेस, सीपीआई, सोशलिस्ट पार्टी, जनता दल और कभी जनता पार्टी के सांसद चुने गए। 1998 में बीजेडी ने इस सीट को अपने कब्जे में लिया। 2004 में यहां से ब्रजकिशोर त्रिपाठी जीते थे और फिर 2009 से पिनाकी मिश्रा यहां से सांसद हैं। क्षेत्रीय पार्टी बीजेडी को हराना बीजेपी के लिए आसान नजर नहीं आता है।
अरूप पटनायक को चुनावी रण में उतारने के पीछे क्या मंशा?
दरअसल, तीन बार से सांसद रहीं पिनाकी मिश्रा को इसबार बीजेडी ने बदल दिया। इस बार 1979 बैच के रिटायर्ड आईपीएस अरूप पटनायक (68) को टिकट दिया गया है। इसके पीछे पिछली बार यानी 2019 के चुनाव में पिनाकी मिश्रा के कम वोटों के अंतर से जीत बताई जा रही है। इस बार बीजेपी की मजबूत रणनीतियों को देखते हुए बीजेडी ने अपना उम्मीदवार बदला है। क्षेत्रीय पार्टी बीजेडी ने नवीन पटनायक के करीबी अरूप पटनायक को टिकट दिया। नवीन पटनायक इनसे इतने प्रभावित रहे कि 2018 से 2019 तक उन्हें कैबिनेट रैंक का दर्जा दे दिया था। खास बात यह भी है कि अरूप पटनायक पुरी संसदीय क्षेत्र के रहने वाले हैं और वहां की जमीनी हकीकत को बेहतर समझते हैं।












Click it and Unblock the Notifications