पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में सेना के दो जवान गिरफ्तार, ISI को भेजी अहम जानकारियां
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में सेना के दो जवान गिरफ्तार, ISI को भेजते थे जानकारी
जालंधर, 6 जुलाई: भारतीय सेना के दो जवानों को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को संवेदनशील जानकारी देने और उसके लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पंजाब में ये गिरफ्तारी हुई है। जालंधर(ग्रामीण) एसएसपी नवीन सिंगला ने मंगलवार को बताया कि पाकिस्तान में आईएसआई को सूचना मुहैया कराने के लिए सेना के दो जवानों को गिरफ़्तार किया गया है। इन्होंने पिछले चार महीने में रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित 900 से ज़्यादा क्लासीफाइड दस्तावेज पाकिस्तानी इंटेलिजेंस अधिकारियों को मुहैया कराए हैं।

गिरफ्तार किए गए दो सैनिकों में सिपाही हरप्रीत सिंह और गुरभेज सिंह शामिल है। हरप्रीत अमृतसर का रहने वाला है और जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में तैनात था। गुरभेज सिंह पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है और 18 सिख लाइट इन्फैंट्री से जुड़ा है।
पंजाब के डीजीपी ने बताया है कि इन जवानों पर देश की अहम और खुफिया जानकारियां दुश्मन देश को लीक करने का आरोप हैं। जिसके चलते इन दोनों जवानों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारतीय सेना के कामकाज और तैनाती से संबंधित गोपनीय दस्तावेज बरामद किए गए । दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 124-ए और 120-बी और धारा 3, 5 और इस मामले में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के 9 लागू किए गए हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए दोनों जवानों को इन गोपनीय दस्तावेजों को साझा करने के लिए आर्थिक प्रलोभन दिया गया था। ये दोनों आरोपी इन खुफिया दस्तावेजों को पाकिस्तान में आईएसआई को भेजते थे।












Click it and Unblock the Notifications