पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू के बदले तेवर, AAP से गठबंधन पर कांग्रेस नेताओं को ही दी नसीहत
पंजाब के कांग्रेस नेता पहले से ही 2024 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर आपत्ति जताते रहे है। ऊपर से जिस तरह पार्टी के एमएमलए सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी हुई है, उसको लेकर तो पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक तीखी प्रतिक्रिया जता चुके हैं।
लेकिन, पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू के सुर आम आदमी पार्टी से समझौते को लेकर नरम पड़ गए हैं। रविवार को सिद्धू ने कहा है कि 'इंडिया गठबंधन ऊंचे पहाड़ की तरह खड़ा है।'

लोकसभा चुनाव को लेकर दी नसीहत
सिद्धू ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा है कि उन्हें यह समझना होगा कि लोकसभा का चुनाव प्रधानमंत्री को चुनने के लिए है, न कि पंजाब के मुख्यमंत्री को चुनने के लिए। सिद्धू कांग्रेस में पार्टी नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के बहुत ही करीब माने जाते हैं, इसलिए उनके बयान का राजनीतिक मतलब निकाला जा रहा है।
इंडिया गठबंधन ऊंचे पहाड़ की तरह खड़ा है- नवजोत सिंह सिद्धू
सिद्धू ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखे अपने पोस्ट में कहा है,' इंडिया गठबंधन ऊंचे पहाड़ की तरह खड़ा है, यहां-वहां तूफान आने से इसकी शान पर कोई असर नहीं पड़ेगा....हमारे लोकतंत्र की रक्षा की इस ढाल को तोड़ने और भंग करने का कोई भी प्रयास बेकार साबित होगा....'
पार्टी विधायक की गिरफ्तारी पर भड़की हुई है कांग्रेस
उन्होंने आगे लिखा है, 'पंजाब को यह समझना होगा कि यह भारत के प्रधानमंत्री को चुनने का एक चुनाव है, पंजाब के मुख्यमंत्री को नहीं। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया....' गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस की पंजाब और दिल्ली इकाई की ओर से ही किया जा रहा है और ऊपर से पार्टी विधायक की 2015 के ड्रग्स केस में गिरफ्तारी पर यह और भड़की हुई है।
भगवंत मान सरकार की इस कार्रवाई को कांग्रेस 'राजनीतिक प्रतिशोध' की भावना से की गई कार्रवाई बता रही है। खैरा की गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नेताओं के बीच खूब बयानबाजी हो रही है और ऐसे समय में नवजोत सिंह सिद्धू का बयान खास मायने रखता है, क्योंकि उनका कनेक्शन पार्टी की टॉप लीडरशिप से रहा है।
गौरतलब है कि खैरा की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंजाब सरकार की शिकायत लेकर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित तक से मुलाकात कर चुके हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वारिंग तो पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान जंगल राज तक की स्थिति होने का आरोप लगा चुके हैं। वहीं, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि अन्याय ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकता और न ही उनकी पार्टी अन्याय सहने वाली है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और कांग्रेस पार्टी वहां मुख्य विपक्षी दल है। लेकिन, 26 दलों का जो इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया) बना है, उसमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications