पंजाब: लुधियाना स्थित स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद
नई दिल्ली। पंजाब में लुधियाना के सलेम तबरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब रविवार को एक स्क्रैप गोदाम से आग की ऊंची-ऊंची लपटें बाहर आने लगी। गोदाम में आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल पाई है, हालांकि मौके पर दमकलकर्मी भी पहुंच चुके हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन आग की वजह से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई गई है।

बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी उस दौरान कुछ कर्मचारी भी गोदाम में काम कर रहे थे लेकिन सभी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां मौजूद हैं जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई पर हादसे की कुछ तस्वीरें भी सामने आई है जिसको देखने के बाद अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग किस कदर भड़की होगी। तस्वीरों से पता चलता है कि दो मंजिला यह स्क्रैप गोदाम रिहायशी इलाके में बना हुआ है जिससे आस-पास की इमारतों में भी आग लगने का खतरा बना हुआ है।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्से से आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर के मुहाना थाना इलाके में एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में अचानक से आग लगने की घटना सामने आई थी। घटना केसर चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास की है। यहां पर करीब 1000 वर्ग से ज्यादा की भूमि पर आलीशान मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान में पेंट और फर्नीचर का कार्य चल रहा था।अचानक मकान के अंदर से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते मकान में से आग की लपटें निकलने लगी। इस दौरान आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें: मुंबई: सतगुरु इंडस्ट्रियल एरिया में लगी भीषण आग, दमकल की 2 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू












Click it and Unblock the Notifications