अमित शाह से मिले पंजाब सीएम चरणजीत चन्नी, लखीमपुर खीरी में नेताओं की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मे आज शाम राजधानी दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक की है। उन्होंने अमित शाह से लखीमपुर खीरी की घटना और करतारपुर कॉरिडोर खोलने को लेकर बात की है। चन्नी आज ही चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे थे, जिसके बाद वो सीधे अमित शाह के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

अमित शाह के साथ बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने कहा, मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात में तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने का आग्रह किया है। मैंने उनसे ड्रग्स और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए पंजाब के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने के लिए भी कहा है। साथ ही मैंने उनसे करतारपुर कॉरिडोर जल्द से जल्द खोलने का अनुरोध किया। जिस पर उन्होंने मुझे आश्वस्त किया कि सरकार जल्द ही फैसला लेगी।
Recommended Video
चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उन्होंने लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्याओं का मामला गृहमंत्री के सामने उठाते हुए कहा है कि इस तरह की बर्बर हत्याएं बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं। इसके बाद विपक्ष के जो नेता वहां जा रहे हैं, उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। यह बंद होना चाहिए।
बीते हफ्ते पीएम मोदी से मिले थे सीएम चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी चार दिन पहले, शुक्रवार को भी दिल्ली आए थे। तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। पीएम मोदी के साथ मुलाकात के दौरान पंजाब सीएम ने धान की सरकारी खरीद, कृषि कानूनों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। सोमवार को सीएम चन्नी उतत्र प्रदेश के लखीमपुर खीरी आना चाहते थे, जहां कई किसानों की मौत हुई है। लखीमपुर आने के लिए उनको योगी सरकार की ओर से अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते वो नहीं आ सके।
लखीमपुर की घटना को लेकर राहुल गांधी से मिले संजय राउत
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश में गिरफ्तारी को लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की है। संजय राउत ने राहुल गांधी से मिलने आने के सवाल पर कहा, राहुल कांग्रेस पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं। देश में ऐसी ऐसी घटनाएं (लखीमपुर खीरी) हो रही है। मैंने उनसे लखीमपुर में विपक्षी पार्टियों के एक प्रतिनिधिमंडल के भेजे जाने को लेकर पूछा है, उन्होंने इस पर चर्चा करने की बात रही है। राउत ने कहा कि प्रियंका गांधी को वहां जाने पर ही गिरफ़्तार कर लिया गया है और आरोपी मंत्री का बेटा खुला घूम रहा है। ऐसे समय में राहुल गांधी से मिलना बहुत जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications