Pune Porsche accident:नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल की रिपोर्ट बदली गई थी? गिरफ्तार दोनों डॉक्टर खोलेंगे राज
पुणे में पोर्श कार हादसे के बाद आरोपी युवक की ब्लड रिपोर्ट के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो डॉक्टरों को सस्पेंड कर दिया गया है। पुणे के ससून जनरल हॉस्पिटल के दोनों डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि दोनों डॉक्टरों पर नाबालिग आरोपी के ब्लड सैंपल के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अमितेश कुमार ने कहा कि डॉक्टर अजय तावड़े, ससून अस्पताल में फॉरेंसिक विभाग के मुखिया डॉक्टर श्रीहरि हार्नर ने ब्लड सैंपल के साथ छेड़छाड़ की थी।

दो लोगों की गई थी जान
पुणे पोर्श कार हादसे की इस वक्त क्राइम ब्रांच की टीम जांच कर रही है। इस हादसे में दो आईटी ऑफिशियल की मौत हो गई। दोनों एक बाइक पर सवार थे, जिन्हें कार सवार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। यह हादसा 19 मई को हुआ था। आरोपी के पिता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
नशे की हालत में हादसा
पुलिस का दावा है कि घटना के वक्त आरोपी नशे की हालत में था। शुरुआत में नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने जमानत दे दी गई थी। बोर्ड ने आरोपी से हादसे पर निबंध लिखने को कहा था। आरोपी को 5 जून तक के लिए ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया।
आरोपी का पिता गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में आरोपी के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पिता रियल स्टेट व्यापारी हैं, जबकि दादा का भी इस हादसे से लिंक सामने आया है। हादसे के बाद ड्राइवर ने कहा था कि घटना के वक्त वह गाड़ी चला रहा था लेकिन यह घटना के वक्त नाबालिग आरोपी ही गाड़ी चला रहा था।
ड्राइवर को धमकाकर दिलाया बयान
पुलिस का कहना है कि यरवडा पुलिस स्टेशन पर बयान देने के बाद ड्राइवर को आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल और दादा अपनी कार में उसे लेकर गए। उसे अपने बंगले के भीतर रखा और उसका फोन छीन लिया।
ड्राइवर ने इन दोनों के कहने पर ही बयान दिया है। ड्राइवर को पैसे और तोहफे का लालच दिया गया। लेकिन अगले दिन ड्राइवर की पत्नी वहां पहुंची और उसे वहां से छुड़ाया गया।
अमितेश कुमार ने कहा कि ड्राइवर डरा हुआ था, उसे 23 मई को समन किया गया और उसने अपना बयान दिया। तथ्यों की पड़ताल के बाद आरोपी नाबालिग के पिता और दादा के खिलाफ के आरोप तय किए गए। विशाल अग्रवाल और उसके पिता के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। पुलिस आज विशाल की कस्टडी की मांग करेगी।












Click it and Unblock the Notifications