खेल मंत्री और पहलवानों की बैठक खत्म, साक्षी मलिक ने कहा- आंदोलन 15 जून तक के लिए स्थगित
Wrestlers Protest postponed: प्रदर्शनकारी पहलवानों और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बीच बैठक के बाद 15 जून तक धरना स्थगित कर दिया गया है।

Wrestlers Protest: कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे पहलवानों ने बुधवार को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से उनके आवास पर मुलाकात की। बैठक में पहलवान और खेल मंत्री के बीच कई मुद्दों पर सहमति बनी है। जिसे लेकर पहलवान साक्षी मालिक ने बताया कि 15 जून तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करेंगे।
15 जून तक नहीं होगा विरोध प्रदर्शन
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पहलवान साक्षी मलिक ने बताया कि "हमें 15 जून तक पुलिस द्वारा अपनी जांच पूरी करने तक अपना विरोध स्थगित करने के लिए कहा गया है। हम 15 जून तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करेंगे।"
बैठक के बाद बजरंग पूनिया का बयान
वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलने के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि हमने कुछ मुद्दों पर चर्चा की थी। पुलिस की जांच 15 जून तक पूरी हो जानी चाहिए और मंत्री जी ने हमसे तब तक विरोध प्रदर्शन नहीं करने का अनुरोध किया है।
एफआईआर वापस लेने पर बनी सहमित
पूनिया ने आगे कहा कि उन्होंने (खेल मंत्री) यह भी कहा कि महिला पहलवानों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। हमने अनुरोध किया है कि पहलवानों के खिलाफ सभी एफआईआर वापस ली जानी चाहिए और वह इसके लिए सहमत हो गए हैं।
बैठक के बाद खेल मंत्री का बयान
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में अपने आवास पर हुई बैठक के बाद बताया कि पहलवानों के साथ सकरात्मक बातचीत बहुत संवेदनशील मु्द्दे पर हुई है। लगभग 6 घंटे चली इस बैठक में जिन मुद्दे पर चर्चा हुई है उसमें जो आरोप लगाए गए हैं उन आरोपों की जांच पूरी करके 15 जून तक चार्जशीट दायर की जाए और रेसलिंग फेडरेशन का चुनाव 30 जून तक किया जाए। रेसलिंग फेडरेशन की आंतरिक शिकायत समिति बनाई जाए और उसकी अध्यक्षता कोई महिला करे।
अनुराग ठाकुर ने यह भी बताया कि पहलवानों ने अनुरोध किया कि 3 कार्यकाल पूरा कर चुके बृजभूषण सिंह और उनके सहयोगियों को दोबारा नहीं चुना जाना चाहिए। उन्होंने मांगी की कि पहलवानों के खिलाफ सभी एफआईआर वापस ली जाए।












Click it and Unblock the Notifications